विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Mela Kakoda 2026: उजड़ने लगा 'तंबुओं का शहर', फिर भी कम नहीं हो रही मेला ककोड़ा की रौनक; बाजारों में उमड़ा जनसैलाब

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:35 PM (IST)

कार्तिक पूर्णिमा के बाद मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में तंबुओं का शहर उजड़ने लगा है, फिर भी बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ और रौनक बरकरार है। गंगा स्नान के बाद मीना बाजार, खिलौना बाजार और खानपान की दुकानों पर जमकर खरीदारी हो रही है।

ककोड़ा मेले से लौटने वालों के चलते जाम में फंसे ट्रैक्टर और बैलगाड़ी आदि वाहन। जागरण

ककोड़ा मेले से लौटने वालों के चलते जाम में फंसे ट्रैक्टर और बैलगाड़ी आदि वाहन। जागरण

HighLights

  1. कार्तिक पूर्णिमा के तीसरे दिन भी ग्रामीण अंचलों से पहुंच रहे श्रद्धालु, झूलों और घरेलू सामान की दुकानों पर भी रौनक

जागरण संवाददाता, बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान के बाद अब तंबुओं का शहर उजड़ने लगा है, लेकिन मेले की रौनक और बाजारों की भीड़ में कोई खास कमी नहीं आई है। कई दिनों से डेरा जमाए श्रद्धालु अपने तंबू समेटकर घर लौटने लगे हैं, वहीं ग्रामीण अंचलों से नए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

गुरुवार को भी गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। स्नान और पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने मेले के बाजारों में जमकर खरीदारी की। मीना बाजार, खिलौना बाजार और खानपान की दुकानों पर दिनभर भीड़ उमड़ती रही।

82559715

मेले के पश्चिमी छोर पर कुर्मियान मेला और बरेली मेला क्षेत्र में कई श्रद्धालुओं ने अपने तंबू उखाड़ लिए हैं। इसके बावजूद मेला परिसर में चहल-पहल बनी हुई है। निजी वाहनों, बैलगाड़ियों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, मोटरसाइकिलों और टेंपो से ग्रामीण परिवारों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

कार्तिक पूर्णिमा के तीसरे दिन भी सुबह ब्रह्म मुहूर्त से गंगा तट पर स्नान का क्रम शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां गंगा की पूजा-अर्चना की और हर-हर गंगे के जयघोष के साथ आस्था की डुबकी लगाई। कई परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए।

मीना बाजार से खिलौना बाजार तक खरीदारी की धूम

मेले के प्रमुख बाजारों में मीना बाजार, खिलौना बाजार, खानपान बाजार और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर अधिक रौनक दिखाई दी। महिलाओं ने चूड़ियां, गहने, सौंदर्य प्रसाधन और साज-सज्जा का सामान खरीदा तो बच्चों की पसंद खिलौने, गुड़िया और दूसरे आकर्षक सामान रहे।

82559454

ग्रामीण परिवारों ने बक्से, अलमारियां, सिलबट्टे, बेलन और घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुओं की खरीदारी की। जलेबी, खजला, पकौड़ी, चाऊमीन, बर्गर, टिक्की और समोसे की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। झूलों पर बच्चों और युवाओं की आवाजाही बनी रही।

एक ओर लौट रहे श्रद्धालु, दूसरी ओर जारी है आवक

मेले में एक ओर श्रद्धालु अपने तंबू समेटकर सामान लेकर लौट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नए परिवार गंगा स्नान और खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। दान-पुण्य और धार्मिक आयोजनों का क्रम भी जारी रहा। श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों को भोजन, कपड़े और दक्षिणा वितरित की।

82559515

मेला प्रशासन की ओर से मुख्य मार्गों पर पानी का छिड़काव कराया गया, जबकि सफाईकर्मी गंगा तट और मेला परिसर में सफाई में जुटे रहे। पुलिस बल की तैनाती के साथ अस्थायी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं भी जारी रहीं।

स्काउट का जज्बा : 346 खोये बच्चों और बुजुर्गों को उनके स्वजन से मिलाया

भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में चल रहे खोया पाया समाज सेवा शिविर मेले से लौट आया है। 346 खोये बच्चों और बुजुर्गों को उनके परिजनों से मिलाया।

स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त एडवोकेट महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि बच्चे निस्वार्थ सेवा से ही सच्चे देशभक्त और क्रांतिकारी बनते हैं।

जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार, डीटीसी सत्यपाल गुप्ता, स्काउट प्रशिक्षण नंदराम शाक्य के मार्गदर्शन में स्काउट ने मेले में सेवा किया। जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मेला ककोड़ा में स्काउट द्वारा 346 खोये बच्चों और बुजुर्गों को परिजनों से मिलाया।

यह भी पढ़ें- जब बदायूं के ककोड़ा मेले की भीड़ देख दंग रह गए थे अंग्रेज अधिकारी, घोड़े पर चढ़कर खुद SP-DM करते थे गश्त

यह भी पढ़ें- बदायूं के ककोड़ा मेले की अनसुनी कहानी: एक चमत्कारी घास, जिससे ठीक हुआ नवाब का कोढ़ और बन गया भव्य देवी मंदिर!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।