ककोड़ा मेला: 20 साल पहले बंदर-भालू के खेल और हाथी-ऊंट की दौड़ से गुलजार रहता था मेला, अब बदली तस्वीर
ककोड़ा मेला अब 20 साल पहले जैसा नहीं रहा, जहां कभी बंदर-भालू के खेल और जानवरों की दौड़ मुख्य आकर्षण थे। अब कानूनी पाबंदियों और मोबाइल के बढ़ते चलन के कारण मेले का स्वरूप बदल गया है, जिसमें आधुनिक झूले और डिजिटल मनोरंजन हावी है।

एआई इमेज
HighLights
डुगडुगी की थाप न बीन की धुन... ककोड़ा मेले में न जाने कहां खो गया बचपन
उमेश राठौर, बदायूं। रुहेलखंड का मिनीकुंभ ककोड़ा मेला...नाम सुनते ही गंगा की कटरी, रेत पर बसे डेरे, देशी घी की खिचड़ी और भजन-कीर्तन की याद ताजा हो जाती है लेकिन जरा उन बुजुर्गों से पूछिए, जो 20 साल पहले का ककोड़ा मेला देख चुके हैं। सुनकर शायद उनकी आंखें चमक उठती हैं और कहते हैं कि अब वो मेला नहीं है। अब मेला पहले की अपेक्षा काफी आधुनिक हो गया है। अब कोई पुराना खेल तमाशा दिखाई नहीं देता।
आज से 20 साल पहले ककोड़ा मेला सिर्फ स्नान का मेला नहीं बल्कि एक चलता-फिरता चिड़ियाघर भी था। मेले के अंदर एक ओर सर्कस में शेर दहाड़ता तो दूसरी हाथी अपनी सूंड हिलाकर बच्चों का मनोरंजन करता था।
लोग सिक्का देकर शेर को करीब से जाकर देखते थे। भालू अपने मालिक के इशारे पर नाचता था, कभी हाथ जोड़कर सलाम करता था और कभी रूठकर बैठ जाता था, इसी से भीड़ हंस-हंसकर लोटपोट हो जाती थी।
बंदर-बंदरिया का खेल तो मेले की जान था। मदारी डुगडुगी बजाता था और बच्चे उसे देखने के लिए भीड़ लगा लेते थे। बंदर दूल्हा बनकर घोड़ी पर चढ़ता, तो बंदरिया घूंघट निकालकर शर्माती।
मदारी पूछता कि बंदर...बहू से लड़ाई करेगा, तो बंदर गर्दन हिलाकर मना कर देता। इस पर लोग तालियां बजाते थे। कभी बंदर रूठ जाता तो मदारी उसे मनाता था।
इससे दर्शक हंसते-हंसते थक जाते थे। उस दौरान बंदर किसी कलाकार से कम नहीं था। मदारी के कहने पर छोटी साइकिल चलाकर सबको हैरान कर देता था। बच्चे उसके करतब देखकर दांतों तले उंगलियां दबा लेते थे।
बीन की आवाज सुनते ही दौड़ पड़ते थे बच्चे
ककोड़ा मेले में सपेरे डेरे-डेरे घूमा करते थे। वह हर गली रास्ते पर बीन बजाते हुए जाते थे। जैसे ही कानों में बीन की आवाज सुनाई देती कि बच्चे शोर मचाते हुए डेरों से निकलकर भाग पड़ते और माता-पिता आवाज लगाते रह जाते।
बच्चे सांप का खेल देखने के लिए दौड़ पड़ते। सपेरा पिटारी खोलता था, तो भीड़ सांस रोक लेती। काला नाग फन उठाकर बीन की धुन पर झूमता था।
कभी वो दाईं तरफ झुकता, कभी बाईं तरफ। लोग डरते भी थे और देखते भी थे। कोई बच्चा डरकर मां की गोद में छिप जाता था, तो कोई बहादुर बनकर खड़ा रहता था।
कानून की पाबंदी और मोबाइल ने खत्म कर दिए जानवरों के खेल
वक्त बदलने के साथ-साथ नियम-कानून भी बदले हैं। अब जानवरों के खेलों पर पाबंदी लग गई है। सर्कस से जानवर गायब हो गए हैं। सपेरों की बीन खामोश हो गई और मदारियों की डुगडुगी की आवाज सुनाई नहीं देती।
हालांकि ककोड़ा मेला अब पहले से ज्यादा बड़ा लगता है और पहले से ज्यादर भव्य हो गया है और अब भीड़ भी खूब आ रही है। अब यहां बड़े-बड़े झूले हैं।
मौत का कुआं है, जादूगर का खेल है, डिजिटल झूले हैं लेकिन वो बात नहीं है। अब बहुत से बच्चे मोबाइल से ही चिपके रहते हैं और उसी को मनोरंजन का साधन भी बना लिया है।
मेले में अब नहीं होती हाथियों की दौड़
एक समय था कि जब ककोड़ा मेला में हाथी, घोड़ा, ऊंट सबकी दौड़ हुआ करती थी। पूर्णिमा के दूसरे दिन लोग दौड़ देखने के लिए मेला के बाहर मैदान में जमा हो जाया करते थे।
तब शायद डेरा तंबुओं पर महिलाएं ही रह जाती थीं और बच्चे पुरुष सब दौड़ देखने के लिए एकत्र हो जाया करते थे। बताया जा रहा है कि करीब बीस साल से हाथियों और ऊंट की दौड़ नहीं हुई है। अब घोड़ों की दौड़ भी देखने को नहीं मिल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।