कभी आल्हा और नौटंकी की गूंज से जीवंत रहती थीं ककोड़ा मेले की रातें, अब आधुनिकता के शोर में सिमटी लोक कला
कभी गंगा तट पर लगने वाला ककोड़ा मेला आल्हा और लोक कलाओं का बड़ा मंच था। अब आधुनिकता के शोर में पारंपरिक लोक नाट्य फीके पड़ रहे हैं, जिससे सांस्कृतिक विरासत पर संकट है।

मेला ककोड़ा में तंबुओं की संख्या बढ़ती जा रही। जागरण
HighLights
रात ढलते ही नगाड़ों और आल्हा की ओजस्वी वाणी से गूंज उठता था गंगा का कछार
आशीष देव मिश्रा, बदायूं। गंगा किनारे कार्तिक पूर्णिमा पर सजने वाला ककोड़ा मेला कभी आस्था के साथ साथ लोक कलाओं का बड़ा मंच हुआ करता था। आधुनिक साधनों के आने से पहले मेले की रातें रुहेलखंड की प्रसिद्ध आल्हा गायन, स्वांग, रासलीला और नौटंकी की गूंज से जीवंत रहती थीं। दिन भर गंगा स्नान और मेला घूमने के बाद ग्रामीण रात में इन मंचों के आगे बैठकर लोक कथाओं में खो जाते थे और कलाकारों को सम्मान व आजीविका मिलती थी।
बुजुर्ग बताते हैं कि मेला तो हमारे दौर में सजाता था। सूरज ढलते ही मेले के तंबुओं और पटावों के बीच एक दूसरी ही दुनिया बस जाती थी। पेट्रोमैक्स और लाउडस्पीकर की रोशनी में जब नगाड़े और ढोलक पर थाप पड़ती थी, तो दूर दराज के गांवों से आए श्रद्धालुओं की थकान पल भर में उतर जाती थी।
एक तरफ वीर रस से भरे आल्हा गायन में आल्हा ऊदल की शौर्य गाथाएं सुनकर श्रोताओं की रगों में जोश भर जाता था, तो दूसरी तरफ नौटंकी के मंच पर ऐतिहासिक, सामाजिक और पौराणिक कथाएं जीवंत हो उठती थीं।
स्वांग और रासलीला के मंच भी उतने ही लोकप्रिय थे। ग्रामीण दर्शक जमीन पर दरियां बिछाकर घंटों बैठे रहते थे और हर संवाद, गीत व व्यंग्य पर तालियों और दाद से कलाकारों का हौसला बढ़ाते थे।
यह मेला रुहेलखंड और आसपास के क्षेत्रों के लोक कलाकारों के लिए साल भर की कमाई और पहचान का बड़ा जरिया था। पीढ़ी दर पीढ़ी कलाकार अपनी विधाओं को यहां संजोते और आगे बढ़ाते थे।
वक्त बदला तो मनोरंजन के तौर तरीके भी बदल गए। आज मेले में हाई टेक झूले, एलईडी स्क्रीन, सिनेमाई धुनों और आधुनिक शो का बोलबाला है, जबकि पारंपरिक नौटंकी और आल्हा के मंच सिमटते जा रहे हैं।
फिर भी बुजुर्गों की यादों में उस दौर की जीवंतता आज भी ताजा है, जब मनोरंजन का अर्थ केवल समय बिताना नहीं, बल्कि सामूहिक जुड़ाव और सांस्कृतिक विरासत को जीना था।
आल्हा में गूंजते थे त्याग, मित्रता और वीरता के स्वर
लोक विधाएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं थीं, बल्कि ग्रामीण समाज की सामूहिक चेतना और इतिहास को जीवित रखने का जरिया थीं। आल्हा गायन में जहां त्याग, मित्रता और वीरता के स्वर गूंजते थे, वहीं नौटंकी और स्वांग के जरिए सामाजिक कुरीतियों, न्याय और पारिवारिक मूल्यों पर सहज संवाद होता था। मेले का मंच कलाकारों और दर्शकों के बीच सीधा भावनात्मक पुल बनाता था।
बदलते दौर में समाप्त हुई लोक कला
आधुनिक मनोरंजन के तेज दौर और बदलती रुचियों के बीच पारंपरिक लोक कलाकारों के सामने अपनी कला को बचाए रखने की बड़ी चुनौती है। इस बार मेले में तमाम मनोरंजन के साधन उपलब्ध हैं। लेकिन विलुप्त हो रही हैं।
हालांकि जिला पंचायत प्रशासन ने जो कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई है। उसमें लोककला पर आधारित कार्यक्रम शामिल किए गए हैं। लेकिन घटते मंच और बदलती आमदनी के कारण नई पीढ़ी इस परंपरा से दूरी बनाती दिख रही है।
यह भी पढ़ें- Kakora Mela 2026: घर की रसोई भी फेल! देशी घी और सिलबट्टे की चटनी वाली इस खिचड़ी के बिना अधूरा है ककोड़ा मेला
यह भी पढ़ें- ककोड़ा मेला 2026: गंगा की कटरी में बसा 'मिनी कुंभ', 2 लाख श्रद्धालुओं के डेरों से गुलजार हुआ तंबुओं का शहर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।