ककोड़ा मेला के लिए चलेंगी 90 रोडवेज बसें, कम किराए में पहुंच सकेंगे मिनी कुंभ
रोहिलखंड के मिनी कुंभ कहे जाने वाले ककोड़ा मेले के लिए परिवहन निगम ने 90 रोडवेज बसें लगाई हैं। श्रद्धालुओं को बदायूं से मेले तक सुविधा का लाभ ले सकेंगे।

ककोड़ा मेला में जनप्रतिनिधियों के लिए तैयार तंबू।
HighLights
ककोड़ा मेले के लिए 90 रोडवेज बसें लगाई गईं।
बदायूं से मेले तक का किराया 42 रुपये निर्धारित।
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर बसें बढ़ाई जाएंगी।
जागरण संवाददाता, बदायूं। रोहिलखंड के मिनी कुंभ कहे जाने वाले मेला ककोड़ा की तैयारियां अब जोरों पर हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने भी कमर कस ली है। निगम की ओर से मेले के लिए करीब 90 रोडवेज बसें लगा दी गई हैं।
शहर से ककोड़ा मेला करीब 30 किलोमीटर दूर है। इस दूरी के लिए निगम की ओर से 42 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। जैसे-जैसे मेले में भीड़ बढ़ेगी, वैसे-वैसे बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी।
ककोड़ा मेला के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी गई है। एआरएम रोडवेज राजेश पाठक ने बताया कि मंगलवार को झंडी पूजन के बाद श्रद्धालुओं का वहां पहुंचना शुरू हो जाएगा। इसी को देखते हुए रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराया गया है।
मेला के लिए चलाई जाएंगी बसें
डिपो की 90 बसों को इस रूट पर लगाया गया है। आने-जाने का किराया 42 रुपये रखा गया है। रोडवेज बसें बस अड्डे से चलकर ककोड़ा मेला बस स्टैंड पर पहुंचेंगी। एआरएम का कहना है कि चालक-परिचालकों की ड्यूटी लगा दी गई है।
मेला बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए पूछताछ काउंटर भी बनाया जाएगा। वहां कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जो हर समय यात्रियों की मदद को तैयार रहेंगे। वहां से श्रद्धालुओं को बसों के समय और किराए की जानकारी मिलेगी। इसके अलावा बस स्टैंड पर साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है। मेले के दौरान बसों का संचालन सुबह से देर रात तक जारी रहेगा।
श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार बढ़ाई जाएगी बसों की संख्या
शुरुआती दौर में बसों को सीमित रूप से लगाया गया है। जैसे-जैसे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, बसों की संख्या भी बढ़ानी शुरू कर दी जाएगी। भीड़ वाले दिनों में अतिरिक्त बसें भी लगाई जाएंगी, जिससे किसी श्रद्धालु को परेशानी न हो।
ककोड़ा मेला सिर्फ धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि आस्था का बड़ा केंद्र है। यहां गंगा स्नान, देवी दर्शन, पशु मेला, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए लाखों लोग आते हैं। मेले में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बस सेवा सबसे सस्ता और सुरक्षित साधन मानी जाती है। इसीलिए निगम ने पहले से ही बसों की व्यवस्था कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।