विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ककोड़ा मेला: जब मंदिर बचाने को सिर कटने के बाद भी युद्ध करती रहीं ककोड़ देवी, आज भी अलग-अलग होते हैं दर्शन

Published: Sun, 15 Nov 2026 06:35 PM (IST)

बदायूं का ककोड़ा मेला केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि ककोड़ देवी के उस पौराणिक युद्ध की गाथा है, जिसमें उन्होंने ...और पढ़ें

ककोड़ा देवी मंदिर। स्रोत इंटरनेट मीडिया

ककोड़ा देवी मंदिर। स्रोत इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. आस्था और शौर्य का अनूठा संगम है रुहेलखंड का मिनी कुंभ

  2. बरगद की छांव में आज भी दबे हैं प्राचीन युद्ध के अस्त्र शस्त्र

आशीष देव मिश्रा, बदायूं। ककोड़ा की पावन धरती पर हर साल सजने वाला मिनी कुंभ केवल एक मेला नहीं, बल्कि सदियों पुरानी आस्था और  इतिहास का जीवंत दस्तावेज है। रुहेलखंड की इस प्राचीन परंपरा के मूल में ककोड़ देवी मंदिर की वह पौराणिक गाथा है, जब माता ने विदेशी आक्रांताओं से इस पवित्र स्थल की रक्षा के लिए खुद रणक्षेत्र में उतरकर रुहेला राजाओं से युद्ध किया था।

महंत नन्हे दास बताते हैं कि करीब पांच सौ साल पहले जब रुहेलखंड में वर्चस्व की जंग छिड़ी और बाहरी रुहेला सरदारों ने नवाब अब्दुल्ला पर चढ़ाई करते हुए मंदिर को नष्ट करने का दुस्साहस किया तो देवी मंदिर का अस्तित्व बचाने को खुद रणक्षेत्र में उतर आईं।

भीषण संग्राम के दौरान माता का सिर धड़ से अलग हो गया, लेकिन उनका कबंध यानी सिरविहीन धड़ तब भी अद्भुत शौर्य के साथ युद्ध करता रहा। इसी चमत्कारिक पराक्रम से रुहेला सेना परास्त हुई और क्षेत्र की अस्मिता बची।

मंदिर में आज भी देवी का सिर और धड़ अलग-अलग स्थापित हैं, जो उस महान युद्ध की गवाही देते हैं। इस ऐतिहासिक धारा में एक नया मोड़ तब आया जब 18वीं सदी में उझानी के शासक नवाब अब्दुल्ला खान कुष्ठ रोग की चपेट में आ गए।

गंगा तट पर उनकी मुलाकात संत ध्यान मुनि से हुई, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने गंगा स्नान और ककोड़ देवी के दर्शन किए। रोगमुक्त होने के बाद कृतज्ञता स्वरूप नवाब ने ही इस भव्य मेले की नींव रखी थी।

आज भी मंदिर परिसर के विशाल बरगद के नीचे एक प्राचीन कुआं दबा होने की मान्यता है, जिसके बारे में कहा जाता है कि उसमें उसी प्राचीन युद्ध के अस्त्र-शस्त्र दबे हुए हैं।

इसी समृद्ध विरासत के साथ इस वर्ष 17 नवंबर को झंडी पूजन के बाद मेले का आगाज होगा, और 24 नवंबर के मुख्य स्नान पर लाखों श्रद्धालु इस अलौकिक आस्था के साक्षी बनेंगे।

आज भी होते हैं सिर व धड़ के अलग अलग दर्शन

जब रुहेला आक्रमणकारियों ने ककोड़ देवी मंदिर को नष्ट करने का कुत्सित प्रयास किया तब मां दुर्गा ने खुद विकराल रूप धारण किया था। इस युद्ध के बीच देवी का सिर धड़ से कटकर अलग हो गया था।

मगर, उनका सिरविहीन धड़ यानी कबंध शत्रुओं का संहार करने के लिए लगातार लड़ता रहा। आज भी मंदिर में देवी के सिर और धड़ के अलग अलग स्वरूप के दर्शन होते हैं, जो इस पौराणिक गाथा को जीवंत रखते हैं।

नवाब अब्दुल्लाह से भी जुड़ा है ककोड़ा मेला का इतिहास

18वीं सदी के शुरुआती दौर में जब उझानी क्षेत्र के शासक नवाब अब्दुल्ला खान गंभीर कुष्ठ रोग से पीड़ित हो गए और उनका जीवन कष्टमय हो गया, तब गंगा तट पर उनकी भेंट संत ध्यान मुनि से हुई। मुनि के बताए मार्ग पर चलकर नवाब ने नियमित रूप से गंगा स्नान और ककोड़ देवी के दर्शन किए।

इसके प्रभाव से उनका लाइलाज रोग पूरी तरह ठीक हो गया। देवी और मां गंगा की इस असीम महिमा से अभिभूत होकर ही नवाब अब्दुल्ला ने इस क्षेत्र में भव्य मेले की परंपरा की शुरुआत की थी, जो आज विशाल रूप ले चुका है।

यह भी पढ़ें- गंगा तट पर बसने लगा 'तंबुओं का शहर', ड्रोन और CCTV के पहरे में सजेगा मिनी कुंभ ककोड़ा मेला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।