Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Azamgarh News: सरयू नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, सेना में भर्ती की कर रहे थे तैयारी; पर‍िवार में मचा कोहराम

    Updated: Thu, 12 Jun 2025 02:00 PM (IST)

    आजमगढ़ के रौनापार थाना क्षेत्र में सरयू नदी में नहाते समय दो युवकों सुधांशु राय और अभिषेक राय की डूबने से मौत हो गई। दोनों सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे। महुला गांव के पास हुई इस घटना से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। गोताखोरों ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों युवक अपने-अपने परिवारों के इकलौते चिराग थे।

    Hero Image
    हादसे के बाद रोते-बि‍लखते मृतकों के परिजन।

    जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के सरयू नदी में नहाने गए दो युवकों की महुला के पास डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान महुला गांव निवासी सुधांशु राय और धनौली निवासी अभिषेक राय के रूप में हुई है। दोनों युवक सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे। हादसे से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुवार को सुबह महुला गांव के आठ युवक घाघरा नदी में नहाने गए थे। इनमें सुधांशु, अभिषेक, कार्तिक, सब्बी, निखिल, किशन और सिंटू शामिल थे। गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर पश्चिम घाघरा नदी में नहाने के दौरान सुधांशु और अभिषेक गहरे पानी में चले गए। स्थानीय निवासी ज्ञान निषाद ने उन्हें गहरे पानी में जाने से मना किया था, लेकिन दोनों युवक नहीं रुके।

    काफी तलाश के बाद सुबह नौ बजे गोताखोरों ने दोनों शव घटनास्थल से 200 मीटर दूर बरामद किया। सुधांशु राय अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

    दूसरी ओर अभिषेक राय भी अपने घर का इकलौता चिराग था। वह अपने ननिहाल महुला में जोगिंदर राय के यहां रहता था। दोनों परिवारों में शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलते ही रौनापार थाना अध्यक्ष अनुपम जायसवाल और नायब तहसीलदार सगड़ी मौके पर पहुंचे। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

    स्वजन ने बताया कि सुधांशु और अभिषेक सहित सभी आठ युवक एक समूह में रहकर पुलिस और सेना भर्ती की तैयारी करते थे। वे रोज सुबह तीन बजे उठकर गांव के पास रजौली बाग में दौड़ लगाते थे और छह बजे तक घर लौटते थे। यह पहली बार था जब युवक नहाने के लिए घाघरा नदी गए थे।