आजमगढ़ पुलिस की दोहरी कार्रवाई: एनकाउंटर में पांच बदमाश गिरफ्तार, दो को लगी गोली
आजमगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनमें से दो के पैर में गोली लगी है। एक टप्पेबाज गिरोह और एक गो-तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ, जिनसे नकदी, हथियार और वाहन बरामद हुए।

पुलिस की गोली लगने से घायल अमित
HighLights
आजमगढ़ में पुलिस ने दो मुठभेड़ों में पांच बदमाश गिरफ्तार किए।
टप्पेबाज गिरोह के सरगना अमित साहनी के पैर में गोली लगी।
गो-तस्कर शोएब उर्फ गेंदा भी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को जनपद पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। बैंक से रुपये निकालने या जमा करने आने वाले लोगों को मदद का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का जीयनपुर पुलिस ने राजफाश किया है।
बुधवार की भोर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गिरोह के सरगना अमित साहनी के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से टप्पेबाजी के 19,100 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ हैं। तीनों के खिलाफ आजमगढ़ समेत छह जिलों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के मलाह टोली वार्ड नंबर दो निवासी अमित साहनी, शिवा साहनी और सुनील साहनी के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आई ये बात
पूछताछ में सामने आया कि तीनों एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। गिरोह के सदस्य बैंकों के अंदर और बाहर नकदी लेकर आने-जाने वाले लोगों की रेकी करते थे। इसके बाद मदद करने या अधिक रुपये देने का झांसा देकर उन्हें विश्वास में लेते थे। बातचीत में उलझाकर उनके असली रुपये ले लेते और बदले में कागज की गड्डी थमाकर फरार हो जाते थे।
यह भी पढ़ें- कौन हैं सहारनपुर से प्रत्याशी आशु मलिक? अखिलेश ने टिकट देकर साधे कई निशाने, इमरान मसूद से हुई थी झड़प
दूसरी मुठभेड़ जहानागंज में हुई
दूसरी मुठभेड़ जहानागंज क्षेत्र में हुई। बुधवार की भोर पुलिस और अंतरराज्यीय गो-तस्कर गिरोह के सदस्यों के बीच हुई मुठभेड़ में शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, पांच कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2150 रुपये नकद और प्रतिबंधित पशुओं को बांधने में इस्तेमाल होने वाली चार रस्सियां बरामद हुई हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छह जिलों में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर की चेकिंग
जहानागंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गो-तस्करी गिरोह के सदस्य चारपहिया वाहन से क्षेत्र में रेकी करते हुए गुजरने वाले हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम मंदे बागीचा के पास भुजही नहर पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक संदिग्ध चारपहिया वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वाहन सवार भागने लगे।
यह भी पढ़ें- आजमगढ़ की अतरौलिया सीट को लेकर निषाद पार्टी और सुभासपा आमने-सामने, अमित शाह करेंगे फैसला
पुलिस की जवाबी फायरिंग में शोएब के पैर में लगी गोली
पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शोएब उर्फ गेंदा के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार शोएब मुजफ्फरनगर जिले के खतौली का निवासी है और वर्तमान में मेरठ के तारापुरी खुशहाल नगर में रह रहा था। मुस्तफा रजा रामपुर जिले के अजीम नगर थाना क्षेत्र के नांगलिया अकिल का निवासी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।