विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में चढ़ावा चोरी के बाद एक और फर्जीवाड़ा, हनुमानगढ़ी के नाम पर 2.80 करोड़ की ठगी का आरोप

Published: Thu, 08 Oct 2026 02:55 PM (IST)

Ayodhya Crime: महिला ने यहां के कथित बाबा विवेकानंद महाराज, उसके चेले सूरज और चालक रत्नाकर के खिलाफ थाना रामजन्मभूमि में मुकदमा दर्ज कराया है।

अयोध्या में हनुमानगढ़ी

अयोध्या में हनुमानगढ़ी 

HighLights

  1. हनुमानगढ़ी के नाम पर ठगी में कथित बाबा समेत तीन पर मुकदमा

  2. महाराष्ट्र की महिला ने थाना रामजन्मभूमि में दर्ज कराया मुकदमा

जागरण संवाददाता, अयोध्या : राम नगरी अयोध्या राम मंदिर से करोड़ों की चढ़ावा चोरी से ‍उबरने के प्रयास में है, लेकिन नये-नये ठगी और अपराध की घटनाओं से यहां की मर्यादा तार-तार हो रही है। ताजा मामला तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी का है।

अयोध्या में हनुमानगढ़ी के नाम पर तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली महिला ने यहां के कथित बाबा विवेकानंद महाराज, उसके चेले सूरज और चालक रत्नाकर के खिलाफ थाना रामजन्मभूमि में मुकदमा दर्ज कराया है।

हनुमान जी की विशेष कृपा दिलाने के नाम पर ठगी

पीड़िता लक्ष्मी कामा का आरोप है कि कथित बाबा ने ग्रह-नक्षत्र, तंत्र-मंत्र, संकट दूर करने और हनुमान जी की विशेष कृपा दिलाने के नाम पर उसे अपने विश्वास में लिया। इसके बाद अलग-अलग समय पर करीब दो करोड़ रुपये नकद और 80 लाख रुपये के जेवरात ले लिए गए। पीड़िता के मुताबिक, जेवरात में चांदी का हनुमान जी का मुकुट भी शामिल है, जिसे उसने मंदिर के लिए दिया था। आरोप है कि धार्मिक आस्था का भरोसा दिलाकर उसकी जीवनभर की जमा पूंजी हड़प ली गई।

तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा

महिला की तहरीर के आधार पर थाना रामजन्मभूमि पुलिस ने विवेकानंद महाराज, सूरज और रत्नाकर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में लेनदेन, जेवरात और आरोपों से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपितों ने किसी अन्य व्यक्ति को भी इसी तरह धार्मिक अनुष्ठान या तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का शिकार बनाया है या नहीं। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें- अयोध्या में चढ़ावा चोरी के बाद एक और कांड, दुर्गा प्रतिमा बना रहा मूर्तिकार एडवांस रकम लेकर फरार

यह भी पढ़ें- अयोध्या के प्राइमरी स्कूलों को निशाना बना रहे चोर, ताला तोड़कर LPG सिलेंडर और बर्तन कर रहे गायब