अयोध्या के प्राइमरी स्कूलों को निशाना बना रहे चोर, ताला तोड़कर LPG सिलेंडर और बर्तन कर रहे गायब
Theft in Primary Schools Ayodhya: बुधवार की सुबह थाना महाराजगंज के मया बाजार दलपतपुर रोड पर प्राइमरी पाठशाला में चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चुराया।

कंपोजिट स्कूल डाभासेमर में हुई चोरी की जांच करती पुलिस
HighLights
शिक्षकों का सिरदर्द बने अराजक तत्व, लगातार हो रही चोरी
महाराजगंज के मया बाजार दलपतपुर रोड पर प्राइमरी पाठशाला में चोरी
25 दिन बाद कंपोजिट स्कूल डाभासेमर में हुई चोरी का राजफाश नहीं
डिजिटल डेस्क, अयोध्या। राम नगरी में चोरों का कहर इन दिनों प्राइमरी स्कूलों पर है। अराजक हो चुके चोर शिक्षकों का सिरदर्द बन गये है। यह स्कूलों में ताला तोड़कर एलपीजी सिलेंडर और बर्तन गायब कर दे रहे हैं, जिससे बच्चों को भोजन से वंचित होना पड़ रहा है।
बुधवार की सुबह थाना महाराजगंज के मया बाजार दलपतपुर रोड पर प्राइमरी पाठशाला में चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चुराया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई है। गांव के प्रधान व अन्य जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं देते हैं। अब सरकारी स्कूल के टीचर्स सबसे ज्यादा परेशानी चोरी के कारण बढ़ रही है।
एयर कंडीशनर व कंप्यूटर को भी कर रहे गायब
परिषदीय स्कूलों को चोरों व अराजक तत्वों की नजर है। बेसिक शिक्षा विभाग एक तरफ स्कूलों में साज-सज्जा व हरियाली को लेकर मेहनत कर रहा, तो वहीं अराजक तत्व क्षति पहुंचा रहे हैं। स्कूल बंद होने के बाद बच्चों के लिए कक्ष में लगाए गए एयर कंडीशनर व कंप्यूटर को भी गायब कर दे रहे हैं। तमाम विद्यालयों में गैस सिलेंडर व बर्तन तक उठा ले गए।
स्कूलों की हरियाली भी कर रहे नष्ट
चोर स्कूलों की हरियाली के लिए लगाए गए पौधों को भी नष्ट कर दे रहे हैं। इसकी शिकायतें भी स्कूलों की तरफ से संबंधित थानों में की जा रही है, लेकिन पुलिस की चुप्पी से इनका मनोबल बढ़ रहा है। इतना ही नहीं शराब पीकर बोतलें भी स्कूल परिसर व क्लास रूम में फेंक दी जाती हैं। खिड़की व दरवाजे आदि भी तोड़ दिए गए हैं। कहीं-कहीं तो महिला शिक्षकों के बारे में अभद्र टिप्पणी लिख दी गयी। अराजक तत्वों की इन हरकतों से शिक्षक परेशान हैं।
चोरी का राजफाश पुलिस 25 दिन बाद भी नहीं
पूराकलंदर के कंपोजिट स्कूल डाभासेमर में जुलाई माह के अंत में हुई चोरी का राजफाश पुलिस 25 दिन बाद भी नहीं कर सकी। इसके बाद भी दोबारा यहां चोर बिजली की केबल एवं हैंडवाश के लिए लगी पानी की टोटी खोल कर उठा ले गए। प्रधानाध्यापक शालिनी पांडेय ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने अभी तक एफआइआर तक नहीं दर्ज की है।
