विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ का सोमवार को अयोध्या दौरा, अयोध्या जनकपुर सरयू कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ में होंगे शामिल

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:28 PM (GMT+05:30)

Ayodhya Janakpur Saryu Kamala Express: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या में मौजूदगी में सोमवार को पहली बार यह ट्रेन उद्घाटन ट्रेन के रूप में रवाना होगी, जिसमें सीमित लोगों को ही यात्रा कराई जाएगी।

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर को जाने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर को जाने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस 

HighLights

  1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली से और नेपाल के पीएम काठमांडू से वर्चुअली जुड़ेंगे, दिखाएंगे हरी झंडी

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आज होगा सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन

  3. वीवाआईपी कार्यक्रम को लेकर रामनगरी में होगा यातायात डायवर्जन

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी अयोध्या से नेपाल के जनकपुर को जाने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन सोमवार को होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह नई दिल्ली से दोपहर 12.30 बजे ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन साप्ताहिक होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या में मौजूदगी में सोमवार को पहली बार यह ट्रेन उद्घाटन ट्रेन के रूप में रवाना होगी, जिसमें सीमित लोगों को ही यात्रा कराई जाएगी। निर्धारित समय सारिणी के अनुसार यह ट्रेन सोमवार को शाम पांच बजकर 50 मिनट पर अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए रवाना होगी। जनकपुर से यह ट्रेन शनिवार को दोपहर एक बजकर दस मिनट पर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को 11.15 पर राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद हनुमानगढ़ी व राम लला का दर्शन पूजन करेंगे। उनका 11.45 पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां अयोध्या जनकपुर सरयू कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ होगा। ट्रेन के शुभारंभ समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे और दिल्ली से पीएम नरेन्द्र मोदी और काठमांडू से नेपाल के प्रधानमंत्री वर्चुअली इस ट्रेन को फ्लैग ऑफ करेंगे।
अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम (नेपाल) के चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को 23 नवंबर को दिल्ली के हैदराबाद हाउस से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह संयुक्त रूप हरी झंडी दिखाएंगे। इसको लेकर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्री सुविधा केंद्र के पास भव्य मंच बनाया जा रहा है। इस पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही है, जिस पर दिल्ली में हो रहे समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

इस ट्रेन का ठहराव अयोध्या कैंट, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिहसो, मधुबनी, जयनगर और जनकपुर होगा। अयोध्या से जनकपुर की दूरी 604 किलोमीटर है जिसे यह ट्रेन लगभग 18 घंटे में तय करेगी। इस ट्रेन में भारत एवं नेपाल के नागरिकों को ही यात्रा का अवसर मिलेगा। उद्घाटन अवसर पर सुबह 11 बजे से अयोध्याधाम जंक्शन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। सुरक्षा के साथ-साथ यातायात नियंत्रण के सुदृढ़ प्रबंध किए गए हैं। इसे लेकर रामनगरी में यातायात डायवर्जन भी रहेगा। अयोध्याधाम क्षेत्र में सोमवार को सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।

इस प्रकार होगा डायवर्जन

विद्याकुंड चौराहा से कनीगंज एवं रायगंज की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन आसिफबाग चौराहा से अपने गंतव्य को जाएंगे।
कनीगंज तिराहा से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन विद्याकुंड चौराहा से लंगड़वीर-टेढ़ी बाजार फ्लाइओवर के नीचे (सर्विस लेन) से होकर रेलवे स्टेशन गेट तक जाएंगे।

जैन मंदिर तिराहा से कनीगंज एवं रायगंज की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन रामघाट चौराहा से अपने गंतव्य को जाएंगे।
इबकाल अंसारी आवास तिराहा से अवध आगमन मार्ग की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन टेढ़ी बाजार से फ्लाइओवर के नीचे (सर्विस लेन) से होकर रेलवे स्टेशन गेट तक जाएंगे।
श्रीराम अस्पताल तिराहा से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन टेढ़ी बाजार से फ्लाइओवर के नीचे (सर्विस लेन) से होकर रेलवे स्टेशन गेट तक जाएंगे।

यह भी पढ़ें- अयोध्या से जनकपुर के बीच शुरू होगी रेल सेवा, पीएम मोदी और नेपाल के PM बालेंद्र शाह दिखाएंगे हरी झंडी

यह भी पढ़ें- जनकपुर से अयोध्या के बीच जल्द दौड़ेगी ट्रेन; आज से ट्रायल शुरू, रामायण सर्किट को मिलेगी नई गति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।