अयोध्या से जनकपुर के बीच दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, पीएम मोदी और नेपाल के PM बालेंद्र शाह दिखाएंगे हरी झंडी
अयोध्या और जनकपुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होगी, जिससे रामायण सर्किट पर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अयोध्या-जनकपुर वंदे भारत एक्सप्रेस 23 नवंबर को होगी शुरू।
रामायण सर्किट पर धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया बढ़ावा।
भारत-नेपाल संबंध होंगे मजबूत, श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम।
रविप्रकाश श्रीवास्तव, अयोध्या। राम की नगरी अयोध्या अब माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर से सीधे रेल मार्ग से जुड़ने जा रही है। अयोध्या और जनकपुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से यह ऐतिहासिक संपर्क संभव हो सकेगा। इससे रामायण सर्किट पर धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक व आर्थिक संबंध और प्रगाढ़ होंगे।
आगामी 23 नवंबर को अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन का समारोहपूर्वक संचालन शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत दोनों उप मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और महापौर उपस्थित रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम का सही समय अभी निर्धारित नहीं हुआ है।
यह नई रेल सेवा राम-सीता की पावन भूमि को जोड़ने की प्रतीक बनेगी। अयोध्या से चलकर ट्रेन गोरखपुर व बिहार के मधुबनी जिला होते हुए नेपाल के जनकपुर तक पहुंचेगी। इससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय कम होगा। यह पहल भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को नई ऊंचाई देगी।
धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ व्यापार और लोगों के आपसी संपर्क में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। अयोध्याधाम स्टेशन पर भव्य स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। अधिकारी सुरक्षा, व्यवस्था और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधा रेल लिंक स्थापित हो जाएगा, जो लंबे समय से प्रतीक्षित था। रामायण काल की इन दो पवित्र नगरियों का यह आधुनिक जुड़ाव न सिर्फ आस्था को मजबूत करेगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी प्रोत्साहन देगा।
रेलवे के सभी संबंधित विभाग इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने में जुटे हुए हैं। एक रेल अधिकारी ने बताया कि अभी नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है, इसलिए समय तय नहीं किया गया है, लेकिन 23 नवंबर को एक बड़े कार्यक्रम की तैयारी चल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।