जनकपुर से अयोध्या के बीच जल्द दौड़ेगी ट्रेन, अधिकारियों ने किया जनकपुर-कुर्था रेलखंड का ट्रायल
प्राचीन मिथिला की राजधानी जनकपुर धाम से अयोध्या के बीच ट्रेन सेवा शुरू होने की तैयारी तेज हो गई है। ...और पढ़ें

अधिकारियों ने किया जनकपुर-कुर्था रेलखंड का ट्रायल
HighLights
जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा रामायण सर्किट योजना का हिस्सा है।
जनकपुर-कुर्था रेलखंड पर सुरक्षा व संरक्षा ट्रायल हुआ।
भारतीय और नेपाली अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, जयनगर (मधुबनी)। लंबी प्रतीक्षा के बाद प्राचीन मिथिला की राजधानी जनकपुर धाम से अवध नगरी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की धरती अयोध्या के बीच ट्रेन सेवा के शुभारंभ की तैयारी तेज हो गई है।
जनकपुर (नेपाल) से अयोध्या (भारत) के बीच प्रस्तावित ट्रेन भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल रामायण सर्किट योजना के तहत चलाई जानी है।
जनकपुर-कुर्था रेल खंड का ट्रायल
ट्रेन परिचालन से पूर्व गुरुवार को भारतीय रेलवे, सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों एवं नेपाल रेलवे व नेपाल सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों ने एमटी कोच स्पेशल ट्रेन से सुरक्षा व संरक्षा को लेकर जनकपुर-कुर्था रेल खंड का ट्रायल किया।
इस दौरान पूर्व मध्य रेल हाजीपुर जोन के उप महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार, मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा, रेलवे सुरक्षा बल हाजीपुर के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमरेश कुमार, एसएसबी 51वीं बटालियन के कमांडेंट संजीव कुमार सिंह, एसएसबी 48वीं बटालियन जयनगर के डिप्टी कमांडेंट हरी नारायण जाट, नेपाल रेलवे के महाप्रबंधक परिवेश पराजुली, धनुषा एसपी रुपेश खरका, कोंकण रेलवे के अधिकारियों समेत अन्य रेल कर्मी मौजूद रहे।
जयनगर से प्रस्थान करने पर टीम नेपाल के वैदेही रेलवे स्टेशन पर पहुंची और स्टेशन का औचक निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें- जनकपुर अयोध्या ट्रेन सेवा का जल्द होगा शुभारंभ, पीएम मोदी और बालेन शाह दिखाएंगे हरी झंडी