Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बाबर को पूर्वज मानने वाले इंडोनेशिया के मुस्लिमों से सीख लें, सीएम योगी ने अयोध्या में क्यों दिया ये बयान?

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में मिल्कीपुर उप चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने भगवान राम को विकास के प्रतीक के रूप में वर्णित किया और कहा कि भाजपा सबका साथ-सबका विकास के पथ पर सबका विश्वास प्राप्त कर रही है। सीएम ने कहा कि कहा बाबर को अपना पूर्वज मानने वालों को इंडोनेशिया के लोगों से सीख लेनी चाहिए।

    By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Sat, 04 Jan 2025 09:51 PM (IST)
    Hero Image
    कृषि विवि के सभागार में बैठक को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: जागरण

    संवाद सूत्र, अयोध्या। मिल्कीपुर उप चुनाव की तैयारियों की संगठनात्मक समीक्षा करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर जमकर प्रहार किया। कहा, बाबर को अपना पूर्वज मानने वालों को इंडोनेशिया के लोगों से सीख लेनी चाहिए। इंडोनेशिया में सर्वाधिक मुस्लिम हैं, लेकिन वे राम को अपना पूर्वज मानते हैं। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि भगवान राम विकास के प्रतीक हैं। भाजपा भी इसी आधार पर सबका साथ-सबका विकास के पथ पर सबका विश्वास प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा, चुनाव में मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ इकाइयों में अधिक मतों को प्राप्त करने की प्रतिस्पर्धा हो। सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाली मंडल, शक्ति केंद्र व बूथ इकाइयों को सम्मानित भी किया जाएगा।

    अयोध्या का गौरव पांच सौ वर्ष बाद वापस आया

    आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज के सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहाकि अयोध्या का गौरव पांच सौ वर्ष बाद वापस आया है। उन्होंने कहा कि संभल में पुलिस चौकी भी बन रही है और मंदिर निकल रहे हैं। 

    योगी ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। कहा, संविधान की डुग्गी पीटकर लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश हो रही है। समाजवादी पार्टी डाॅ. आंबेडकर के नाम पर झूठ फैला रही है। कन्नौज के डाॅ. आंबेडकर मेडिकल कॉलेज का नाम सपा ने बदल दिया था। 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंदरकी में 65 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है। वहां पर भाजपा जीती है। वहां के मुसलमानों ने भी बीजेपी को वोट दिया। मिल्कीपुर में भाजपा को कुंदरकी से भी बड़ी जीत प्राप्त करनी होगी। 

    सीएम ने ग्राम प्रधानों को भी साधा

    सीएम योगी ने ग्राम प्रधानों को साधने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। न सिर्फ अमानीगंज, मिल्कीपुर और हरिंग्टनगंज विकासखंड के ग्राम प्रधानों से संवाद स्थापित किया, बल्कि भाजपा शासन में मिली सुविधाओं का भी उल्लेख किया। 

    सीएम ने ग्राम प्रधानों को गांवों के विकास की रीढ़ बताया। कहा, ग्राम पंचायतें अब आत्मनिर्भर बन रही हैं। ग्राम प्रधानों को पहले काम के सिलसिले में साइबर कैफे जाना पड़ता था, लेकिन अब गांवों में ही एक कर्मी की नियुक्ति की गई। कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट आदि व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं गईं, जिससे ग्राम प्रधानों को काम करने में आसानी हुई।

    अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को न हो असुविधा: सीएम

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं की बैठक के उपरांत प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महाकुंभ के दृष्टिगत अयोध्या की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने महाकुंभ से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आश्रय स्थल आदि की जानकारी ली। 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में 40-45 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इनमें अधिकांश श्रद्धालु अयोध्या भी आएंगे। यहां श्रद्धालु रामलला, हनुमानगढ़ी, सूर्यकुंड समेत अनेक मंदिरों व स्थलों पर दर्शन करेंगे। स्थानीय प्रशासन दर्शनार्थियों की सुरक्षा, दर्शन पूजन, आश्रय स्थल आदि की तैयारियां पूर्ण कर ले। 

    ठंड में किसी भी श्रद्धालु को यहां परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता पर जोर दिया। कहा, अलाव आदि की भी समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। मंडलायुक्त गौरव दयाल ने महाकुंभ की अयोध्या की तैयारियों को लेकर प्रस्तुतिकरण भी दिया।