विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जनकपुर पहुंची सरयू-कमला एक्सप्रेस, राम-सीता के जयकारों से गूंजा स्टेशन; नेपाल यात्रा के लिए वीजा नहीं लगेगा

Published: Wed, 25 Nov 2026 09:14 AM (IST)

अयोध्या से चली सरयू-कमला एक्सप्रेस जनकपुरधाम पहुंची, जहां 'जयश्रीराम' और 'सीता मैया की जय' के नारों से स्टेशन गूंज उठा। यह ट्रेन भारत-नेपाल के त्रेतायुगीन संबंधों को मजबूत करेगी और भारतीय यात्रियों के लिए बिना वीजा यात्रा की सुविधा देगी।

जनकपुर पहुंची सरयू-कमला एक्सप्रेस।

जनकपुर पहुंची सरयू-कमला एक्सप्रेस।

HighLights

  1. सरयू-कमला एक्सप्रेस जनकपुरधाम स्टेशन पर पहुंची, भव्य स्वागत हुआ

  2. मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव ने स्वागत किया

  3. भारतीय यात्रियों को नेपाल यात्रा के लिए वीजा नहीं लगेगा

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। भारत और नेपाल के त्रेतायुगीन रिश्तों की प्रगाढ़ता के लिए अयोध्याधाम से चली सरयू-कमला एक्सप्रेस की उद्घाटन विशेष ट्रेन मंगलवार की सुबह भारतीय समयानुसार नौ बजकर 45 मिनट (नेपाली समय सुबह दस बजे) पर जनकपुरधाम स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के जनकपुरधाम प्लेटफार्म पर पहुंचते ही पूरा स्टेशन परिसर ‘जयश्रीराम’ और ‘सीता मैया की जय’ के उच्चघोष से गूंज उठा।

फूलों से सजी ट्रेन का मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव (राम सरोज यादव) ने युवा रोजगार एवं श्रम मंत्री रामजी यादव सहित अन्य के साथ भव्य स्वागत किया।

नेपाली समयानुसार अपराह्न एक बजकर 20 मिनट पर उद्घाटन विशेष ट्रेन वहां से अयोध्या के लिए भी प्रस्थान कर चुकी है। इसके बुधवार को सुबह दस बजे से पहले अयोध्या कैंट स्टेशन पर पहुंच जाने की संभावना है।

मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव ने मंत्री व जनकपुर के लोगों के साथ किया स्वागत

अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन से सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की ओर से हरी झंडी दिखा कर रवाना की गई सरयू-कमला एक्सप्रेस की उद्घाटन विशेष ट्रेन निर्धारित समयानुसार नेपाल के जनकपुरधाम में सुबह दस बजे पहुंच गई। जनकपुर पहुंचने से पहले ही वहां स्टेशन पर भव्य स्वागत समारोह की तैयारियां हो चुकी थीं।

ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म पर पहुंची तो जनकपुर के लोगों के साथ विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी, जानकी मंदिर के छोटे महांत राम रोशन दास, जनता समाजवादी पार्टी (जसपा) के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत-सत्कार किया। ट्रेन में सवार होकर पहुंचे सभी यात्रियों काे भी माला पहनाई गई।

यात्रियों ने जनकपुर के जानकी मंदिर में माता जानकी का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया

विहिप के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने बताया कि जनकपुर स्टेशन पर उतरने के बाद सभी यात्रियों को जलपान कराया गया। तत्पश्चात अधिकांश यात्रियों ने जनकपुर के जानकी मंदिर में माता जानकी का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।

संतोष साह के अनुसार लगभग साढ़े तीन घंटे के अंतराल के बाद उद्घाटन विशेष ट्रेन को दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव ने हरी झंडी दिखा कर जनकपुरधाम से अयोध्याधाम के लिए रवाना कर दिया है। इस अवसर पर जनकपुर में उत्सव मनाया गया। यह ट्रेन लगभग 19 घंटे का सफर तय करके बुधवार को यहां पहुंचेगी।

यात्रा के लिए नहीं होगी वीजा की जरूरत

सरयू-कमला एक्सप्रेस के नियमित रूप से 28 नवंबर से अयोध्या से जनकपुर के लिए प्रस्थान करने की संभावना है। प्रत्येक शनिवार को अयोध्या से जाने वाली इस साप्ताहिक ट्रेन से सफर करने वाले लोगों को वीजा की जरूरत नहीं होगी। भारतीय यात्री केवल अपना वैध मतदाता पहचान पत्र या पासपोर्ट दिखा कर टिकट ले सकेंगे। दोनों में से कोई एक डाक्यूमेंट साथ रखना जरूरी होगा।

सीमा पार करते समय जयनगर में यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। सभी यात्रियों को अपने मूल पहचान पत्र साथ रखना बेहतर होगा। वैसे भी भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती है।

यह भी पढ़ें- अयोध्या-जनकपुर ट्रेन में न तत्काल टिकट, न आरएसी की सुविधा; भगवान राम और माता सीता का दर्शन केवल कन्फर्म टिकट से

यह भी पढ़ें- 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' बनी भारत की 7वीं अंतरराष्ट्रीय ट्रेन, अब अयोध्या से जनकपुर का सीधा सफर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।