'सरयू-कमला एक्सप्रेस' बनी भारत की 7वीं अंतरराष्ट्रीय ट्रेन, अब अयोध्या से जनकपुर का सीधा सफर
सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत की सातवीं अंतरराष्ट्रीय ट्रेन बन गई है, जो अयोध्या को जनकपुर से जोड़ती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में अयोध्या से रवाना हुई यह ट्रेन दोनों देशों के बीच राम-जानकी के ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करेगी।

सरयू-कमला एक्सप्रेस। जागरण
HighLights
सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत की सातवीं अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा बनी।
अयोध्या और जनकपुर को जोड़कर राम-जानकी संबंधों को मजबूत किया।
लखनऊ मंडल से विदेश जाने वाली यह पहली ऐतिहासिक ट्रेन है।
प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। भगवान राम व माता जानकी के धाम को जोड़ने के लिए शुरू की गई सरयू-कमला एक्सप्रेस ने भारतीय रेल के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में अयोध्या को नई पहचान दिलाई है। सोमवार को रामनगरी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में रवाना हुई ट्रेन मंगलवार सुबह नौ बजे जनकपुर पहुंची। इसके साथ ही सरयू-कमला एक्सप्रेस विदेश जाने वाली भारत की सातवीं ट्रेन बन गई।
भारत से नेपाल, पाकिस्तान और बांग्लादेश के लिए संचालित रेल सेवाओं की कड़ी में अब अयोध्या का नाम भी जुड़ गया है। खास बात यह है कि लखनऊ डिवीजन (रेल मंडल) से विदेश जानी वाली सरयू कमला एक्सप्रेस पहली ट्रेन है। अयोध्या धाम व कैंट दोनों स्टेशन उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में आते हैं।
भारत-नेपाल के बीच रेल संपर्क पहले से है। वर्ष 2022 में शुरू हुई जयनगर-जनकपुर रेल सेवा बिहार के जयनगर से नेपाल के बिजलपुरा तक चल रही है। दूसरी ओर भारत-पाकिस्तान और भारत-बांग्लादेश के बीच संचालित अंतरराष्ट्रीय रेल सेवाएं फिलहाल बंद हैं। पाकिस्तान को जोड़ने के लिए अटारी से चलाई गई समझौता एक्सप्रेस और थार लिंक एक्सप्रेस वर्ष 2019 से बंद हैं। भारत-बांग्लादेश के बीच कोलकाता-ढाका मैत्री एक्सप्रेस, कोलकाता-खुलना बंधन एक्सप्रेस और मिताली एक्सप्रेस भी करीब दो वर्षों से परिचालन में नहीं हैं।
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि लखनऊ मंडल से विदेश जाने वाली कमला सरयू एक्सप्रेस पहली ट्रेन है। इससे पहले मंडल की कोई विदेश रेल सेवा नहीं थी। उत्तर रेलवे के लिए गौरवपूर्ण अवसर है।
सरयू-कमला से प्रगाढ़ होगी अयोध्या-जनकपुर की प्रीत : यह केवल दो देशों के बीच यात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि राम और सीता की जन्मभूमि के त्रेतायुगीन संबंधों को आधुनिक परिवहन से जोड़ने वाली नई कड़ी भी है। त्रेता युग में प्रभु श्रीराम और माता जानकी के विवाह ने अयोध्या और जनकपुर को ऐसे रिश्ते में बांधा, जिसकी डोर हजारों वर्षों बाद भी उतनी ही मजबूत है। यह रिश्ता केवल इतिहास और धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि आज भी परंपराओं, आयोजनों और आपसी आत्मीयता में जीवंत है। अब सरयू-कमला ट्रेन इस रिश्ते को कलयुग में नई रफ्तार देने जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।