सरयू-कमला एक्सप्रेस का आगाज: अयोध्या-जनकपुर धाम स्पेशल ट्रेन से 200 यात्रियों ने किया मुफ्त सफर
गोरखपुर से 200 यात्रियों ने अयोध्या-जनकपुर धाम के लिए चली सरयू-कमला उद्घाटन स्पेशल एक्सप्रेस में 'स्मारिका टिकट' पर नि:शुल्क यात्रा की। इस विशेष ट्रेन में प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री की तस्वीर वाले टिकट जारी किए गए और जल्द ही यह ट्रेन नियमित रूप से चलेगी।

गोरखपुर से 200 यात्रियों ने ''स्मारिका टिकट'' पर निश्शुल्क यात्रा की। जागरण
HighLights
गोरखपुर से 200 यात्रियों ने सरयू-कमला एक्सप्रेस में यात्रा की।
यात्रियों को प्रधानमंत्री की तस्वीर वाले 'स्मारिका टिकट' मिले।
अयोध्या-जनकपुर धाम ट्रेन अब सप्ताह में एक दिन चलेगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अयोध्या से जनकपुर धाम के लिए चली 04295 सरयू-कमला उद्घाटन स्पेशल एक्सप्रेस में गोरखपुर से 200 यात्रियों ने ''स्मारिका टिकट'' पर निश्शुल्क यात्रा पूरी की। रेलवे प्रशासन ने उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में बैठने वाले यात्रियों के लिए 'स्मारिका टिकट' तैयार किया था, जिसपर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की साझा तस्वीर लगी हुई थी।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक ओंकार नाथ वर्मा और स्टेशन डायरेक्टर रतन दीप गुप्ता के नेतृत्व में सरयू-कमला एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों को ''स्मारिका टिकट'' उपलब्ध कराया गया। प्लेटफार्म नंबर दो पर शाम पांच बजे पहुंची ट्रेन से स्मारिका टिकट साथ लेकर लोगों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा शुरू की। शाम 05:40 बजे ट्रेन गोरखपुर से जनकपुर के लिए रवाना हो गई।
15595/15596 नंबर की जनकपुर धाम (नेपाल)-अयोध्या कैंट -जनकपुर धाम (नेपाल) ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। यह ट्रेन अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को तथा जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को चलेगी। इस ट्रेन में शयनयान श्रेणी के 07, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 03, वातानुकूलित तृतीय इकोनामी श्रेणी के 03 और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 02 समेत कुल 15 कोच लगाए जाएंगे। जनरल की बोगियां नहीं लगेंगी। इस ट्रेन के लिए सिर्फ कन्फर्म टिकट जारी किए जाएंगे। आरएसी और वेटिंग टिकट बुक नहीं होंगे। इस ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को न तो रेलवे पास और पीटीओ की सुविधा मिलेगी और न ही विधायक कूपन व वारंट के आधार पर यात्रा करने की अनुमति होगी।
यात्रियों को टिकट में नाम परिवर्तन, बोर्डिंग स्टेशन बदलने, वेब कैंसिलेशन और टिकट में संशोधन की सुविधा भी नहीं दी जाएगी। टिकट खोने पर डुप्लीकेट टिकट जारी कराने तथा अन्य कोटे के तहत आरक्षण की व्यवस्था भी लागू नहीं होगी। भारत से नेपाल और नेपाल से भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के आरक्षण चार्ट अलग से मुद्रित किए जाएंगे। इनमें यात्रियों के पहचान पत्र और राष्ट्रीयता का विवरण दर्ज रहेगा। जांच के लिए ये चार्ट संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
अधिकतम 70 किलो सामान लेकर कर सकेंगे यात्रा
प्रत्येक यात्री अधिकतम दो नग सामान ही साथ ले जा सकेंगे। प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में 70 किलोग्राम सामान निश्शुल्क ले जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा 15 किलोग्राम अतिरिक्त सामान की सीमांत छूट रहेगी। द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी में 50 किलोग्राम निश्शुल्क और 10 किलोग्राम अतिरिक्त, जबकि तृतीय वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी में 40-40 किलोग्राम निश्शुल्क तथा 10-10 किलोग्राम अतिरिक्त सामान ले जाने की अनुमति होगी।
- 15595 नंबर की सरयू-कमला एक्सप्रेस जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को दिन में नेपाल के समयानुसार 13:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जयनगर से भारतीय समयानुसार 14:10 बजे पहुंचकर 15:10 बजे छूटेगी। मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज होते हुए दूसरे दिन गोरखपुर से सुबह 04:05 बजे छूटेगी। बस्ती और मनकापुर के रास्ते सुबह 08:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
- 15596 नंबर की सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को शाम 05:50 बजे रवाना होगी। मनकापुर, बस्ती होते हुए गोरखपुर रात 10:13 बजे पहुंचकर 10:23 बजे छूटेगी। नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और मधुबनी होते हुए दूसरे दिन सुबह 08:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। 10:30 बजे छूटकर नेपाल समयानुसार 12:40 बजे जनकपुर पहुंचेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।