विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या और जनकपुर के बीच सांस्कृतिक सेतु बनेगी : योगी आदित्यनाथ

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:00 PM (IST)

Saryu-Kamla Express: श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के पांच सौ वर्षों के लंबे संघर्ष में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं और बहनों ने भी अयोध्या पहुंचकर अपनी श्रद्धा और समर्थन व्यक्त किया था।

अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

HighLights

  1. रामनगरी और मिथिला के बीच रेल संपर्क से सहज होंगे दोनों देशों के श्रद्धालुओं के आराध्य के दर्शन

  2. सीएम आदित्यनाथ बोले-भारत-नेपाल की खुली सीमा विश्वास का अनूठा उदाहरण

जागरण संवाददाता, अयोध्या। अयोध्या और जनकपुर के त्रेता युगीन रिश्तों को कलियुग में सरयू-कमला एक्सप्रेस नई गति देगी। रामनगरी और मिथिला के बीच रेल संपर्क से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को एक-दूसरे के आराध्य के दर्शन सहज होंगे तो सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और आर्थिक संबंध भी प्रगाढ़ होंगे।

अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माता जानकी की भूमि जनकपुर को अयोध्या से जोड़ने वाली यह रेल सेवा विरासत और विकास के अद्भुत संगम का उदाहरण है। नेपाल के श्रद्धालु अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे तो भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सुविधा मिलेगी।

सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान राम और लक्ष्मण का मिथिला जाना, वहां विवाह के बाद अयोध्या लौटना आज भी विवाह पंचमी सहित विभिन्न पारंपरिक आयोजनों में जीवंत है। अयोध्या के लोग जनकपुर को विशेष सम्मान देते हैं। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के पांच सौ वर्षों के लंबे संघर्ष में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं और बहनों ने भी अयोध्या पहुंचकर अपनी श्रद्धा और समर्थन व्यक्त किया था।

मुख्यमंत्री ने भारत-नेपाल के आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि पशुपतिनाथ और बाबा विश्वनाथ, मुक्तिनाथ और उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थलों के बीच आस्था का गहरा रिश्ता है। नेपाल से प्रतिवर्ष मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाई जाती है, जबकि नवरात्र में नेपाल से देवीपाटन शक्तिपीठ तक श्रद्धालुओं की यात्रा होती है। भगवान बुद्ध की जन्मभूमि लुंबिनी और उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती, सारनाथ व कुशीनगर जैसे स्थल भी दोनों देशों की साझा विरासत को समृद्ध करते हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत-नेपाल की खुली सीमा विश्वास का अनूठा उदाहरण है। प्रतिदिन हजारों लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए दोनों देशों के बीच आवागमन करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पड़ोसी प्रथम नीति के तहत नेपाल के साथ सड़क, रेल, डिजिटल, ऊर्जा और संचार संपर्कों को मजबूत किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के कई जिले नेपाल सीमा से जुड़े हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क एवं परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। बाराबंकी-बहराइच फोरलेन, नेपालगंज तक बेहतर संपर्क, कार्गो टर्मिनल और वेयरहाउस जैसी सुविधाओं से व्यापार को गति देने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या, जनकपुर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय तथा स्थानीय रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी। दोनों देशों की मैत्री को नई दिशा देने वाली यह पहल सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास को भी आगे बढ़ाएंगी।

ये बने साक्षी 

सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री व कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर महान्त गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, विधायक वेद गुप्ता, रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, उत्तर रेलवे के प्रबंधक राजेश पांडेय, मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित रेलवे के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- सरयू-कमला एक्सप्रेस के उद्घाटन से पहले राम मंदिर पहुंचे सीएम योगी, रामलला की पूजा-अर्चना की

यह भी पढ़ें- राम-सीता की नगरी को जोड़ने वाली ट्रेन आज से चलेगी, 604 KM का सफर 18 घंटे में होगा पूरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।