विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माफी मांगे बिना अखिलेश को अयोध्या की शास्त्रीय सीमा में प्रवेश नहीं, संत समाज ने किया बड़ा एलान

Published: Wed, 11 Nov 2026 11:06 PM (IST)

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले संत समाज ने माफी मांगे बिना उन्हें अयोध्या की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले संत समाज का विरोध।

  2. संतों ने कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए माफी मांगी।

  3. माफी के बिना अयोध्या की शास्त्रीय सीमा में प्रवेश वर्जित।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले संत समाज ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

बुधवार को मणिरामदास छावनी में करीब चार सौ संत-महांतों की महाबैठक में अखिलेश यादव के आगमन का विरोध करते हुए दो टूक ऐलान किया गया कि माफी मांगे बिना, उन्हें अयोध्या की पांच कोस की शास्त्रीय सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

संतों ने रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर गोली चलवाने और संतों पर लाठीचार्ज कराने की घटनाओं को लेकर सपा नेतृत्व से जवाब मांगा है।

अयोध्या आने से पहले मांगे माफी

मणिरामदास छावनी स्थित तुलसीदास योग एवं प्राकृतिक चिकित्सालय के सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के उत्तराधिकारी महांत कमलनयनदास ने की।

बैठक में संतों ने कहा कि उन्हें अखिलेश यादव के अयोध्या आने, रामलला का दर्शन करने अथवा सरयू में स्नान करने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन कारसेवकों के बलिदान की अनदेखी करके उनका स्वागत नहीं किया जा सकता। अयोध्या आने से पहले उन्हें कारसेवकों के परिजनों से माफी मांगनी चाहिए और प्रायश्चित करना चाहिए।

संत दर्शन करने से रोकने के पक्ष में नहीं

रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य एवं शीर्ष पीठ रामवल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमारदास ने कहा कि संत किसी को भगवान राम के दर्शन करने से रोकने के पक्ष में नहीं हैं। भगवान राम सबके हैं और अयोध्या भी सभी की है, लेकिन मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में कारसेवकों पर गोली चलवाने की घटना के लिए अखिलेश यादव को माफी मांगनी चाहिए।

संत समाज की यही अपेक्षा है कि वह अयोध्या आने से पहले इस विषय पर अपना पक्ष स्पष्ट करें। बैठक में संतों ने अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे को राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित बताते हुए कहा कि राम मंदिर आंदोलन के इतिहास को भुलाया नहीं जा सकता।

पांच कोस की सीमा में प्रवेश नहीं का एलान

अखिलेश यादव अपनी पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव के साथ 12 दिसंबर को अयोध्या आने वाले हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम में हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन शामिल है। उनके दौरे से पहले संतों की इस बैठक और पांच कोस की सीमा में प्रवेश नहीं देने के एलान ने अयोध्या के धार्मिक माहौल के साथ राजनीतिक हलचल भी बढ़ा दी है।

बैठक में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य, जगद्गुरु अर्जुनद्वाराचार्य कृपालु रामभूषणदेवाचार्य, रंगमहल पीठाधीश्वर महांत रामशरणदास, सियारामकिला झुनकीघाट के महांत करुणानिधानशरण, नाका हनुमानगढ़ी के महांत रामदास, खाकचौक के श्रीमहांत बृजमोहनदास आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए। संचालन बावन मंदिर के महांत वैदेहीवल्लभशरण ने किया।

हठधर्मिता छोड़ भाव शुद्ध करें अखिलेश: मिथिलेशनंदिनी

ख्यातिलब्ध वक्ता एवं विचारक तथा प्रतिष्ठित पीठ हनुमन्निवास के महांत आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण ने कहा कि श्रीराम हृदय के भाव जानते हैं। यदि अखिलेश अयोध्या आने और रामलला का दर्शन करने के प्रति ईमानदार हैं, तो वह राजनीतिक चतुराई और हठधर्मिता छोड़ कर अपने भाव पवित्र करें और इसके लिए संत राजकुमारदास एवं अन्य संतों की मांग न्यायसंगत है कि अयोध्या आने से पूर्व वह मुलायम सिंह के शासन काल में पुलिस की गोली के शिकार कारसेवकों के परिवार से माफी मांगें।

यह भी पढ़ें- '6 दिसंबर को अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम से माफी मांगे अखिलेश यादव'; आजमगढ़ में बोले ओपी राजभर

यह भी पढ़ें- ‘ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन वोटकटवा, अखिलेश को किसी इजाजत की जरूरत नहीं’, सपा सांसद रुचि वीरा का बड़ा बयान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।