विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'6 दिसंबर को अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम से माफी मांगे अखिलेश यादव'; आजमगढ़ में बोले ओपी राजभर

Published: Wed, 11 Nov 2026 10:58 PM (IST)

सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने आजमगढ़ में अखिलेश यादव पर हमला बोला, उनके अयोध्या दौरे को 'सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली' जैसा बताया।

ओपी राजभर

ओपी राजभर

HighLights

  1. राजभर ने अखिलेश के अयोध्या दौरे को 'सौ चूहे खाकर बिल्ली हज' बताया।

  2. अखिलेश यादव को 6 दिसंबर को रामलला से माफी मांगने को कहा।

  3. सपा के यादव-मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगने का दावा किया।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भिउरा स्थित सुभासपा कार्यालय पर गौड़ समाज के लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को जानाऔर उसके समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के मंदिर दर्शन, सपा के वोट बैंक और शिवपाल यादव के साथ राजनीतिक खींचतान पर हमला बोला।

कहा कि सपा प्रमुख पर ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को चली’ वाली कहावत सटीक बैठती है। अयोध्या, काशी और मथुरा तो गए, लेकिन कभी प्रभु श्रीराम, काशी विश्वनाथ और श्रीकृष्ण के दर्शन नहीं किए। अब यादव और मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगने के बाद वह हिंदू मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

चाचा-भतीजे एक-दूसरे को कमजोर करने में जुटे हैं: ओपी राजभर

सपा प्रमुख की राजनीति की वर्तमान स्थिति ‘न अली मिले न बजरंग बली’ जैसी हो गई है। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जनता के बीच जाकर सभाएं कर रहे हैं और अखिलेश यादव एसी कमरे में प्रेस कांफ्रेंस तक सीमित हैं। सपा प्रमुख के संभावित अयोध्या दौरे पर कहा कि उन्हें 12 तारीख की बजाय छह दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला के सामने सिर झुकाकर माफी मांगनी चाहिए।

कहा कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ मंडल के कई यादव नेता सपा से बगावत कर चुनाव लड़ेंगे। शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच चल रही खींचतान पर कहा कि चाचा-भतीजे एक-दूसरे को कमजोर करने में जुटे हैं। जिसका असर अब सार्वजनिक रूप से भी दिखाई देने लगा है।

कारसेवकों पर गोलीबारी के मुद्दे पर सपा नेता पवन पांडेय की चुनौती का जवाब देते हुए कहा कि इसके लिए किसी प्रमाण की जरूरत नहीं है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव का लोकसभा और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव का विधानसभा में दिया गया बयान सार्वजनिक रिकॉर्ड में मौजूद है। कहा कि पवन पांडेय को दोनों बयान पढ़ने की आवश्यकता है।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में ओवैसी और चंद्रशेखर का गठबंधन तय, 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।