विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में ओवैसी और चंद्रशेखर का गठबंधन तय, 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

Published: Wed, 11 Nov 2026 10:24 PM (IST)

ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन किया है।

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर 

HighLights

  1. ओवैसी-चंद्रशेखर ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन किया।

  2. गठबंधन का लक्ष्य करीब 200 सीटों पर चुनाव लड़ना है।

  3. दलित-मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट कर नया समीकरण बनाएंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान सभा चुनाव 2027 से पहले विपक्षी खेमे में नए राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। भाजपा और सपा के बीच मुख्य मुकाबले में अब तीसरे मोर्चे की तैयारी है। असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गठबंधन कर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इसकी घोषणा दोनों नेता गुरुवार को लखनऊ के दयाल पैराडाइज होटल में करेंगे। दोनों दल करीब 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।

गठबंधन की रणनीति दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाने की है। दोनों समुदायों की संयुक्त आबादी करीब 40 प्रतिशत मानी जाती है। ऐसे में यह मोर्चा सपा के पीडीए समीकरण के सामने चुनौती बन सकता है। मुस्लिम मतदाताओं पर सपा की दावेदारी और दलितों के बीच बसपा के परंपरागत आधार के कारण गठबंधन के प्रभाव पर नजर रहेगी।

एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने गठबंधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ओवैसी ने पहले इंडिया गठबंधन में शामिल होने की इच्छा जताई थी, लेकिन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रुचि नहीं दिखाई। अब चंद्रशेखर के साथ अलग मोर्चा बनाकर वह अपना आधार बढ़ाना चाहते हैं।

उधर, बसपा के कमजोर होते राजनीतिक आधार के बीच चंद्रशेखर दलित राजनीति में अपनी पहचान मजबूत करने में जुटे हैं। 2024 में नगीना से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद उनका राजनीतिक ग्राफ बढ़ा। पश्चिम यूपी के कई जिलों में पार्टी मजबूत आधार बना चुकी है। पिछले विधान सभा चुनाव में भी यह चर्चा उठी कि चंद्रशेखर सपा और रालोद से हाथ मिलाएंगे, लेकिन बात नहीं बन पाई।

अब नया गठबंधन सपा के पीडीए और बसपा के परंपरागत दलित आधार, दोनों के सामने चुनौती पेश कर सकता है। पश्चिमी उप्र और रुहेलखंड में दलित-मुस्लिम मतदाताओं की संख्या गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, इन वर्गों का समर्थन स्वतः किसी एक मोर्चे को मिलना तय नहीं है।

बसपा का दलितों में पुराना संगठनात्मक आधार है तो सपा भी पीडीए के जरिये इस वर्ग तक पहुंच बढ़ा रही है। गठबंधन के सामने बूथ स्तर पर संगठन, प्रभावशाली प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बनाने की चुनौती होगी। 2022 के विधान सभा चुनाव में एआईएमआईएम ने 95 सीटों पर प्रत्याशी उतारकर करीब 4.50 लाख वोट हासिल किए थे।

आजाद समाज पार्टी ने 111 सीटों पर चुनाव लड़ा था। दोनों दल कोई सीट नहीं जीत सके थे। ऐसे में गठबंधन के सामने अपना चुनावी आधार बढ़ाने की चुनौती होगी। ओवैसी को दलितों और चंद्रशेखर को मुस्लिम मतदाताओं के बीच पहुंच बढ़ाने का अवसर मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- 'अब 80-20 नहीं, यूपी में 95 बनाम 5 प्रतिशत की लड़ाई', प्रदेश की की राजनीति पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।