'अब 80-20 नहीं, यूपी में 95 बनाम 5 प्रतिशत की लड़ाई', प्रदेश की की राजनीति पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में राजनीतिक लड़ाई अब 80-20 के बजाय 95-5 प्रतिशत के बीच है, जिसमें 95% लोग दुखी और परेशान हैं।
-1794414853137_m.webp)
सपा प्रमुख अखिलेश यादव।
HighLights
यूपी में राजनीतिक लड़ाई अब 95-5 प्रतिशत के बीच।
सपा सरकार बनने पर अयोध्या के गरीबों को मुफ्त घी-तेल।
अखिलेश यादव अयोध्या, इटावा, मथुरा-वृंदावन जाने की तैयारी में।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में राजनीतिक लड़ाई अब 80 और 20 प्रतिशत के बीच नहीं, बल्कि 95 और पांच प्रतिशत के बीच हो गई है। आरोप लगाया कि 95 प्रतिशत लोग दुखी, परेशान और अपमानित हैं, जबकि शेष पांच प्रतिशत शोषण करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में भाजपा नेताओं को पता भी नहीं चलेगा कि वे कहां पहुंच गए। यही वजह है कि उनकी भाषा और व्यवहार बदल गए हैं।
अयोध्या के श्रीराम मंदिर जाने की संभावित योजना पर अखिलेश ने कहा कि वह अयोध्या के साथ इटावा के केदारेश्वर मंदिर और मथुरा-वृंदावन भी जाएंगे। उन्होंने पीडीए नारे को नया अर्थ देते हुए इसे 'पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद' बताया।
कहा कि उनके परिवार में शिव और राम दोनों हैं। चाचा शिवपाल और रामगोपाल यादव के साथ अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद और विधानसभा प्रत्याशी पवन पांडेय भी उनके साथ हैं। ऐसे में भाजपा इतनी बेचैन क्यों है?
अखिलेश ने क्या की घोषणा?
बुधवार को सपा के प्रदेश कार्यालय में अखिलेश ने घोषणा की कि राज्य में सपा सरकार बनने पर बुंदेलखंड पैकेज की तर्ज पर अयोध्या के गरीबों को मुफ्त घी और सरसों का तेल बांटा जाएगा। नोटबंदी के दौरान बैंक की कतार में जन्मे खजांची का 10वां जन्मदिन मनाने पहुंचे अखिलेश ने नोटबंदी को भाजपा सरकार का सबसे भ्रष्ट फैसला बताया। तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को खजांची को गोद लेना चाहिए, लेकिन गांवों की तरह अनाथ छोड़ने के लिए नहीं।
खजांची के जन्म के समय दो हजार रुपये का नोट आया था। अब वह पूछता है कि उसके साथ जन्म लेने वाले नोट का क्या हुआ। अखिलेश ने दावा किया कि नोटबंदी के बाद नकदी का चलन 70 प्रतिशत बढ़ गया। बैंकों के विलय, निजीकरण और खातों से पेनल्टी कटौती पर भी सवाल उठाए।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि उसे 1.56 करोड़ लोगों के नाम कटने की चिंता है तो सपा के सवालों पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मतदाता कार्ड को आधार से जोड़ने और बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की मांग की।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने दावा किया कि प्रदेश के 26 हजार स्कूल बंद कर दिए गए और अस्पतालों की हालत खराब है। डिफेंस एक्सपो और इन्वेस्टर्स समिट से रोजगार मिलने पर भी सवाल उठाया। कहा कि दस साल में मेट्रो की एक नई लाइन तक नहीं बढ़ी।
यह भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग केस: आजम खान से पूछताछ के लिए ED ने कोर्ट में दाखिल की 7 दिन की रिमांड अर्जी
आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी और यूपीडा के सड़क निर्माण टेंडर में मिलीभगत हो रही है। गोमूत्र खरीदने के प्रस्ताव पर तंज कसते हुए दावा किया कि उन्होंने एक दिन में 200 लीटर गोमूत्र एकत्र किया था, लेकिन डीएम कार्यालय ने उसे लेने से मना कर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।