जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग केस: आजम खान से पूछताछ के लिए ED ने कोर्ट में दाखिल की 7 दिन की रिमांड अर्जी
ईडी ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े धनशोधन मामले में पूर्व मंत्री आजम खान से पूछताछ के लिए गाजियाबाद कोर्ट में सात दिन की कस्टडी रिमांड अर्जी दाखिल की है।
-1794414125159_m.webp)
HighLights
ईडी ने आजम खान की सात दिन की रिमांड अर्जी दी।
जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में होगी गहन पूछताछ।
ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन और शत्रु संपत्ति पर जांच केंद्रित।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े धनशोधन मामले में पूर्व मंत्री आजम खान से पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को गाजियाबाद कोर्ट में दाखिल की है। ईडी ने गाजियाबाद स्थित विशेष धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) न्यायालय में आजम खान की सात दिन की कस्टडी रिमांड के लिए अर्जी दाखिल कर दी। एजेंसी अदालत से अनुमति मिलने पर उन्हें लखनऊ या दिल्ली स्थित अपने जोनल कार्यालय लाकर पूछताछ करना चाहती है। रिमांड अर्जी पर गुरुवार को सुनवाई होने की संभावना है।
ईडी की पूछताछ का मुख्य केंद्र जौहर ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन, विश्वविद्यालय के निर्माण में खर्च हुई रकम के स्रोत और शत्रु संपत्तियों पर कथित कब्जे से जुड़े मामले होंगे। एजेंसी यह भी जानना चाहती है कि ट्रस्ट को मिले धन का इस्तेमाल किन कार्यों में हुआ और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।
इस बीच जांच एजेंसी जौहर ट्रस्ट से जुड़े करीब पांच ऐसे सदस्यों के विरुद्ध लुकआउट नोटिस जारी कराने की तैयारी में है, जो अब तक जांच के दायरे में सामने नहीं आए हैं। इनमें कुछ विदेश में हैं। दुबई में रह रहे बिल्डर सैय्यद नासिर अब्बास का नाम भी जांच के संदर्भ में सामने आया है। ईडी इन सदस्यों की भूमिका और उनसे जुड़े वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है।
31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार किया था। एक नवंबर को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था। अब एजेंसी उनसे दोबारा विस्तृत पूछताछ के लिए कस्टडी रिमांड चाहती है।