Ayodhya News: बलिदानी लेफ्टिनेंट का पार्थिव शरीर पहुंचा अयोध्या, अंतिम दर्शन को उमड़े लोग
अयोध्या में बलिदानी लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी का पार्थिव शरीर उनके आवास पर पहुंचने पर कोहराम मच गया। माता-पिता के करुण क्रंदन से माहौल भावुक हो गया। बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़े। प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी विधायक वेदप्रकाश गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय जनता ने श्रद्धांजलि अर्पित की। राजकीय सम्मान के साथ जमथरा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। बलिदानी लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह मझवा गद्दोपुर स्थित उनके आवास पहुंचा। सेना के जवान बलिदानी का पार्थिव शरीर लेकर पहुंचे थे। शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। बलिदानी के माता पिता का करुण क्रंदन सभी को भावुक करने वाला रहा।
बलिदानी के अंतिम दर्शन को बड़ी संख्या में लोग उमड़े। प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने भी पहुंच कर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय जनता भी श्रद्धांजलि देने के उनके आवास पर पहुंची। थोड़ी ही देर में सेना के जवान पार्थिव शरीर को लेकर जमथरा घाट के लिए रवाना होंगे, जहां बलिदानी लेफ्टिनेंट का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
श्रद्धांजलि देने वालों में प्रभारी मंत्री के अतिरिक्त महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता , रामचंद्र यादव, डॉ अमित सिंह चौहान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, पूर्व मंत्री पवन पांडेय, पूर्व मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, बीजेपी महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी गौरव ग्रोवर व डोगरा रेजीमेंट सेंटर के उच्चाधिकारी शामिल रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।