Flights From Ayodhya : अयोध्या से दिल्ली की पांच की जगह सिर्फ अब सिर्फ एक उड़ान, लगातार घट रहीं फ्लाइट्स
Flights From Ayodhya to Delhi Decreased जन्मभूमि पर रामलला के विराजमान होने के बाद यहां हवाई यात्रा बड़े जोर-शोर से आरंभ हुई। रामनगरी को गत वर्ष फरवरी में कुल नौ उड़ानें मिली थीं। प्रतिदिन करीब ढाई से तीन हजार यात्रियों का विमान से अयोध्या आना-जाना होता था लेकिन इस वर्ष जून माह से उड़ानों में कमी आनी आरंभ हो गई।

नवनीत श्रीवास्तव, जागरण, अयोध्या : रामनगरी में धार्मिक पर्यटन को पंख लगाने के लिए राम मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के ठीक पहले महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट की शुरुआत वर्ष 2023 के दिसंबर माह में हुई थी। उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।
शुरुआती दौर में यहां करीब नौ फ्लाइटें आती और इतनी ही जाती थीं, लेकिन अब सिर्फ तीन नियमित उड़ानें ही रह गई हैं। इतनी ही आती और जाती हैं। दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई के लिए ही नियमित उड़ानें हैं, जबकि हिसार से सप्ताह में सिर्फ दो दिन उड़ानें हैं। पहले स्पाइस जेट, इंडिगो और एयर इंडिया दिल्ली की उड़ान सेवा दे रही थीं, जबकि अब सिर्फ इंडिगो की फ्लाइट ही दिल्ली जा रही है।
एलायंस एयर की हिसार से रविवार व शुक्रवार को उड़ानें आती हैं। इंडिगो की हैदराबाद की फ्लाइट भी सप्ताह में चार दिन आती है। हैदराबाद से शनिवार, रविवार, सोमवार व बुधवार को फ्लाइट आती है। वहीं अहमदाबाद की उड़ान सेवा भी इंडिगो ही दे रही है। अहमदाबाद की फ्लाइट मंगलवार को आती है। हालांकि, अहमदाबाद की उड़ान का शेड्यूल यात्रियों की संख्या पर निर्धारित होता है।
जन्मभूमि पर रामलला के विराजमान होने के बाद यहां हवाई यात्रा बड़े जोर-शोर से आरंभ हुई। रामनगरी को गत वर्ष फरवरी में कुल नौ उड़ानें मिली थीं। प्रतिदिन करीब ढाई से तीन हजार यात्रियों का विमान से अयोध्या आना-जाना होता था, लेकिन इस वर्ष जून माह से उड़ानों में कमी आनी आरंभ हो गई।
अब स्थिति यह है कि सिर्फ चार उड़ानें ही नियमित रह गई हैं, जबकि पहले चेन्नई, जयपुर, पटना, दरभंगा, देहरादून के लिए भी अयोध्या से उड़ानें थीं, लेकिन अब इन शहरों के लिए उड़ानें बंद हो चुकी हैं। यहां से एयर इंडिया, एलाइंस एयर, आकासा, स्पाइस जेट, इंडिगो एयरलाइंस अपनी सेवाएं दे रही थीं, जिसमें स्पाइट जेट ने अपनी उड़ानें पूरी तरह बंद कर दी हैं। पहले यहां से दिल्ली की ही प्रतिदिन पांच उड़ानें थी, जबकि अब सिर्फ एक बची है।
इसी तरह मुंबई की दो उड़ानें थी, लेकिन अब एक ही बची है। अब प्रतिदिन करीब सात सौ से आठ सौ यात्री ही अयोध्या आ रहे हैं। शुक्रवार को यात्रियों का सर्वाधिक आना होता है। शुक्रवार को करीब एक हजार यात्री अयोध्या आते हैं। इसी दिन फ्लाइट भी सर्वाधिक छह रह रही हैं।
एयरपोर्ट के प्रभारी महानिदेशक आरबीएस कुशवाहा के अनुसार वर्तमान समय में आफ सीजन के कारण फ्लाइट कम हुई हैं। उम्मीद है कि सितंबर माह से उड़ानों की संख्या फिर बढ़ेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।