Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह उनके पापों का परिणाम… सीएम योगी ने संभल को सनातन से जोड़ा, कहा- धर्म सुरक्षित है तो दुनिया में सभी सुरक्षित

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में एक कार्यक्रम के दौरान सनातन धर्म के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ही भारत का राष्ट्रीय धर्म है और इसे सुरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने आगे कहा कि सनातन धर्म के अतिरिक्त कोई अन्य मत-मजहब नहीं है जिसने विश्व के कल्याण की बात की हो।

    By Raghuvar Sharan Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 20 Dec 2024 10:21 PM (IST)
    Hero Image
    अयोध्या के अशर्फी भवन से लगे परिसर में सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: जागरण

    जागरण संवाददाता, अयोध्या। सनातन धर्म सुरक्षित है, तो दुनिया में सभी सुरक्षित हैं। सनातन धर्म के अतिरिक्त ऐसा कोई मत-मजहब नहीं है, जिसने विश्व के कल्याण की बात की हो, जबकि सनातन धर्म ने घोषित किया, ‘अयं निज: परो वेति गणना लघु चेतसाम, उदार चरितानां तु वसुधैव कुटुंबकम’। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह उद्गार हैं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के। वह शीर्ष पीठ अशर्फीभवन में चल रहे पंचनारायण महायज्ञ में आहुति अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा, सनातन धर्म ही भारत का राष्ट्रीय धर्म है और इसे सुरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है।

    समाज में सकारात्मकता और शांति का प्रसार

    उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और शांति का प्रसार होता है। उन्होंने कहा कि विश्व शांति की स्थापना केवल सनातन धर्म के माध्यम से हो सकती है। यह शाश्वत धर्म है, जो सृष्टि के आरंभ से ही चला आ रहा है। 

    मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक-धार्मिक विरासत के साथ विकास का समीकरण भी स्थापित किया। कहा, डबल इंजन की सरकार ने संतों के मार्गदर्शन में अयोध्या के वैभव को पुनः स्थापित किया है। रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण और अयोध्या धाम का विकास इसका जीवंत उदाहरण है। 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यज्ञ न केवल आत्मशुद्धि और पर्यावरण शुद्धि का माध्यम है, बल्कि यह सनातन धर्म की रक्षा और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार भी करता है। यह आयोजन मां सरयू के पवित्र आंचल और भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर हो रहा है, जो इस यज्ञ को और भी विशेष बनाता है। 

    ऐतिहासिक गलतियों से सबक लेने की आवश्यकता

    मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गलतियों की वजह से भारत को गुलामी की बेड़ियां झेलनी पड़ीं और हमारे धर्म स्थलों का अपमान हुआ, उन्हें दोबारा नहीं दोहराया जाना चाहिए। उन्होंने भारतवासियों से सनातन धर्म की रक्षा और संरक्षण के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत तब तक भारत है, जब तक यहां सनातन धर्म सुरक्षित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस धर्म के संरक्षण और संवर्धन के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

    धार्मिक स्थलों को अपवित्र करने वालों का कुल नष्ट हो गया

    मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में सवाल उठाया कि आज बांग्लादेश में क्या हो रहा है, पाकिस्तान में क्या हुआ था, इससे पहले अफगानिस्तान में क्या हुआ। मैं पूछना चाहता हूं उन लोगों से वह कौन लोग थे, जिन्होंने देश के अंदर सनातन धर्म से जुड़े हुए उन मान बिंदुओं को नष्ट करने का काम किया था, और क्यों किया था, उसके पीछे की सोच क्या थी। उसके पीछे की नियति थी, अपने कुकृत्यों को अंजाम दे करके पूरी धरती को नर्क बनाने की। 

    काशी में काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि, मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि, संभल में कल्कि अवतार की हरिहर भूमि के पावन मंदिर जैसे पवित्र स्थलों को अपवित्र करने वालों का आज कोई अस्तित्व नहीं है। यह उनके पापों का परिणाम है। जो लोग इन पवित्र स्थलों को नष्ट करने का काम करते थे, उनका कुल और वंश नष्ट हो गया। औरंगजेब के परिवार के लोग आज रिक्शा चला रहे हैं। यह उनकी दुर्गति है।