CM Yogi Adityanath in Ayodhya : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बताया आधुनिक भारत के भगीरथ
CM Yogi Adityanath in Ayodhya प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए यह अभियान शुरू किया है। अगर हर व्यक्ति एक पेड़ मां के नाम पर लगाए तो पर्यावरण संकट कभी नहीं आएगा। उन्होंने बताया कि सुबह लखनऊ में अपने आवास पर बेल और उसके बाद अयोध्या में सरयू तट पर पुष्प वाटिका में पीपल पाकड़ नीम और नौग्रहों के पेड़ लगाए गए हैं।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आधुनिक भारत का भगीरथ बताया। उन्होंने मां गंगा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराज भगीरथ की तपस्या के फलस्वरूप मां गंगा धरती पर अवतरित हुईं। गंगा न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे भारत और विश्व का अन्न भंडार भरती हैं। यह दुनिया की सबसे उर्वर भूमि है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नमामी गंगे परियोजना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले गंगा का जल प्रदूषित हो गया था। पिछली सरकारों के विकास के नाम पर अनियोजित और अवैज्ञानिक ढंग से कार्य करने से गंगा पूरी तरह से प्रदूषित हो गई थीं। प्रधानमंत्री ने नमामी गंगे के माध्यम से गंगा की अविरलता और निर्मलता को पुनर्स्थापित किया गया। प्रयागराज महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने इसकी निर्मलता का साक्षात्कार किया है।
सभी लगाएं 'एक पेड़ मां के नाम'
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए यह अभियान शुरू किया है। अगर हर व्यक्ति एक पेड़ मां के नाम पर लगाए, तो पर्यावरण संकट कभी नहीं आएगा। उन्होंने बताया कि सुबह लखनऊ में अपने आवास पर बेल और उसके बाद अयोध्या में सरयू तट पर पुष्प वाटिका में पीपल, पाकड़, नीम और नौग्रहों के पौध लगाए गए हैं।
बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाएगी भारतीय जनता पार्टी
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश वन विभाग के अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भारतीय जनता पार्टी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के हर जनपद की कम से कम एक नदी को पुनर्जनन का संकल्प लिया गया है। इसके अंतर्गत एक से सात जुलाई तक नदियों के तटवर्ती क्षेत्रों में पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही हाईवे और एक्सप्रेसवे के किनारे भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। उन्होंने सभी से अपील की कि वे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में हिस्सा लें।
अयोध्या नगर निगम की प्रशंसा
मुख्यमंत्री ने अयोध्या नगर निगम के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, सभी पार्षदों और अधिकारियों को दो वर्ष के कार्यकाल की बधाई दी। उन्होंने कहा कि महापौर के नेतृत्व में नगर निगम शानदार कार्य कर रहा है। इस अवसर पर 30 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और 33 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने अयोध्या के बदलते स्वरूप की चर्चा करते हुए कहा कि पहले यहां बिजली, पानी और साफ-सफाई की कमी थी, लेकिन आज अयोध्या स्वच्छ और सुंदर नगरी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या में लाखों श्रद्धालु आते थे, लेकिन पिछले वर्ष 16 करोड़ श्रद्धालु आए। यह नगर निगम के बेहतर प्रबंधन का परिणाम है।
साकार हो रहा महर्षि वाल्मीकि वर्णित अयोध्या का दिव्य स्वरूप
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में अब अपना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। मठ-मंदिरों का सौंदर्यीकरण हो रहा है। राम की पैड़ी का विस्तार हुआ है, जहां सरयू का जल अब स्वच्छ रहता है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित अयोध्या का दिव्य स्वरूप आज साकार हो रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि अयोध्या में मां जानकी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान, सुग्रीव, जामवंत, माता शबरी और निषाद राज के नाम पर वाटिकाएं विकसित की जाएं। उन्होंने अयोध्या वासियों से जिला प्रशासन के साथ मिलकर किसी नदी को पुनर्जनन का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।