अयोध्या में होगा बसपा का चुनावी शंखनाद, आकाश आनंद की रैली में जितेंद्र सिंह 'बबलू' करेंगे शक्ति प्रदर्शन
बसपा अयोध्या में अगले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी चुनावी रणनीति शुरू कर रही है। 20 नवंबर को बीकापुर में आकाश आनंद की रैली से पार्टी जिले में जनाधार टटोलेगी।

बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद। (सादाबाद में बसपा कार्यकर्ता सम्मेलन की फोटो- जागरण आर्काइव)
HighLights
बसपा अयोध्या में अगले विधानसभा चुनाव का अभियान शुरू करेगी।
20 नवंबर को बीकापुर में आकाश आनंद की जनसभा होगी।
जितेंद्र सिंह बबलू रैली से अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे।
रविप्रकाश श्रीवास्तव, अयोध्या। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बसपा ने रामनगरी में सियासी रणक्षेत्र तैयार करना शुरू कर दिया है। 20 नवंबर को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के पंडितपुर में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की रैली रामनगरी में बसपा का चुनावी शंखनाद होगी।
इसी जनसभा के बहाने शीर्ष नेतृत्व जिले में पार्टी का जनाधार भी टटोलेगा। यह जनसभा पार्टी के इलाकाई क्षत्रपों की राजनीतिक ताकत का पैमाना भी होगी। इस रैली में यूं तो जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से जनभागीदारी सुनिश्चित कराने की तैयारी है, लेकिन बीकापुर विस क्षेत्र इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू का गृहक्षेत्र है।
बीकापुर सीट से विधायक रहे चुके हैं जितेंद्र सिंह बबलू
वर्ष 2007 से वर्ष 2012 तक वह इस सीट से बसपा के विधायक भी रह चुके है। पार्टी सूत्रों का दावा है कि यह जनसभा बसपा के लिए शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बनेगी। आकाश आनंद के जरिए अपनी नई पीढ़ी को आगे करते हुए पार्टी रामनगरी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में अपनी राजनीतिक जमीन वापस हथियाने की जंग छेड़ चुकी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि, बबलू सिंह के नेतृत्व में हो रही इस लामबंदी से साफ है कि बसपा अब सिर्फ प्रतीकात्मक विरोध तक सीमित नहीं, बल्कि सत्ता के गढ़ों पर सीधा हमला बोलने वाली है।
जितेंद्र सिंह के नाम का हो सकता है एलान
बबलू सिंह आगामी विधानसभा चुनाव में इस सीट से दावेदारी भी कर रहे हैं। आकाश आनंद की रैली में उनके नाम की घोषणा भी होने वाली है। इसलिए जनसभा में बड़ी जनभागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए बबलू सिंह ने पूरी ताकत झोंक दी है।
करीब 43 सेक्टर एवं 436 बूथों वाले इस विस क्षेत्र से प्रत्येक बूथ से बड़ी संख्या में लोगों को जनसभा में ले जाने के लिए लगातार संपर्क चल रहा है। इस विस क्षेत्र से करीब 50 हजार लोगों को जनसभा में ले जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनके आवागमन के लिए 100 बसें लगाई गईं हैं।
बीकापुर विधानसभा सीट अनुसूचित जाति, मुस्लिम एवं ब्राह्मण बाहुल्य मानी जाती है। एकबार इस विस सीट से जीत हासिल कर चुके बबलू सिंह आगामी विस चुनाव में इस सीट को बसपा के खाते में ले जाने के लिए सियासी कसरत कर रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान हुए विकास का हवाला देने के साथ ही हर किसी के सुख-दुख में पहुंच कर जनता के बीच अपनी उपस्थित सुनिश्चित कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।