विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ को चंद्रशेखर ने दी चुनौती, बोले- बिजनौर आकर चुनाव लड़ें

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:30 AM (IST)

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बिजनौर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।

चंद्रशेखर और सीएम योगी आदित्यनाथ

चंद्रशेखर और सीएम योगी आदित्यनाथ

HighLights

  1. चंद्रशेखर ने सीएम योगी को बिजनौर से चुनाव लड़ने को कहा।

  2. सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को 'बी-टीम' बताने पर चंद्रशेखर ने पलटवार किया।

  3. मोर्चा बहुजन समाज के हक, सम्मान और सत्ता में हिस्सेदारी सुनिश्चित करेगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को सपा-कांग्रेस की बी-टीम बताए जाने पर नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने पलटवार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को सीधे बिजनौर से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि दूसरों पर बी-टीम का ठप्पा लगाने के बजाय अपनी राजनीतिक विफलताओं पर ध्यान देना चाहिए।

चंद्रशेखर ने बुधवार को इंटरनेट मीडिया एक्स पर लिखा...सामाजिक परिवर्तन मोर्चा न किसी की बी-टीम है और न किसी के इशारे पर राजनीति करता है। हमारी अपनी विचारधारा, संघर्ष और स्वतंत्र राजनीतिक पहचान है। हमारा उद्देश्य बहुजन समाज के हक, सम्मान और सत्ता में हिस्सेदारी सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बहुजन समाज और आम जनता की टीम है। हमें किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। हमारा राजनीतिक भविष्य जनता तय करेगी, सत्ता में बैठे लोग नहीं। और हां, अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए दूसरों पर बी-टीम का ठप्पा लगाने के बजाय आप बिजनौर से चुनाव लड़िए, आपका स्वागत है।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को एक टीवी चैनल से बातचीत में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को सपा-कांग्रेस की बी-टीम बताते हुए आरोप लगाया था कि विपक्षी दलों ने भाजपा को नुकसान पहुंचाने के लिए दोनों को साथ लाने की रणनीति बनाई है।

गौरतलब है कि ओवैसी और चंद्रशेखर ने 12 नवंबर को लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने की घोषणा की थी। दोनों नेताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मिलकर उतरने का एलान किया है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव का 'मिशन गोरखपुर', योगी के गढ़ में किया मेट्रो चलाने का वादा; झूठे मुकदमे हटाने की कही बात



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।