विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में श्रीराम तिलकोत्सव: सनातन संस्कृति के महापर्व में जनकपुर से आए तिलकहरू

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:12 PM (GMT+05:30)

अयोध्या में श्रीराम का तिलकोत्सव जनकपुर से आए तिलकहरू दल के साथ धूमधाम से मनाया गया, जिसने सनातन संस्कृति की शाश्वत प्रकृति को प्रतिपादित किया। 

जनकपुर से सरयू कमला एक्सप्रेस के अयोध्या पहुंचने पर ट्रेन से उतरते रामलला के तिलकहरू। जागरण

जनकपुर से सरयू कमला एक्सप्रेस के अयोध्या पहुंचने पर ट्रेन से उतरते रामलला के तिलकहरू। जागरण

HighLights

  1. अयोध्या में श्रीराम का तिलकोत्सव जनकपुर से आए दल ने मनाया।

  2. सरयू-कमला एक्सप्रेस से भारत-नेपाल सांस्कृतिक एकता मजबूत हुई।

  3. 11 दिसंबर को राम बरात जनकपुर जाएगी, विवाहोत्सव होगा।

रघुवरशरण, अयोध्या। श्रीराम और सीता अतीत की कथा और प्रतीकात्मक आस्था ही नहीं, चिन्मय-चैतन्य सत्ता के रूप में प्रवहमान हैं। यह तथ्य हजारों मंदिरों एवं करोड़ों श्रद्धालुओं के हृदय में प्रतिष्ठित जीवंत विग्रह से लेकर रविवार को श्रीराम के तिलकोत्सव तक से भी प्रतिपादित हो रहा होता है। यह मात्र अतीत का पुनर्स्मरण ही नहीं था, अपितु सनातन संस्कृति की शाश्वत-सतत प्रकृति शिरोधार्य करने का महापर्व था और लोग इसमें पूरे प्राण एवं प्रामाणिकता से डुबकी लगा रहे थे।

कारसेवकपुरम के सभागार में मां सीता के मायके जनकपुर से आए तिलकहरू पहले ही जमा थे। अवध और मिथिला के लोक जीवन को श्रीराम और सीता की गाथा से अनुप्राणित करने वाले लोक गीत कानों में घुलने के साथ हृदय तक उतर रहे होते हैं। लोग आस्था, अतीत और संस्कृति में डुबकी लगा ही रहे होते हैं, तभी पूरे आगार में एक हिलोर उठती है।

पूरी त्वरा-तीव्रता से बजती भांगड़ा की धुन पर श्रीराम और सीता के नयनाभिराम स्वरूप को गोद में उठाए दो लोग प्रविष्ट हो रहे होते हैं। अतीत की गाथा में राम-सीता और उनकी कथा के साथ स्वयं को टटोल रहे श्रद्धालु दृश्य परिवर्तन के साथ कहीं अधिक प्रतिबद्धता से अनुराग ज्ञापित करते हैं।

नम आंखें और भाव-विह्वलता बताती है कि उन्हें स्वरूप से युगल आराध्य की प्रत्यक्ष प्रतीति हो रही है। जीवंतता का यह समीकरण अयोध्या के प्रथम नागरिक महापौर महांत गिरीशपति त्रिपाठी एवं जनकपुर के प्रथम नागरिक महापौर मनोज साह की उपस्थिति से भी परिभाषित होती है।स्वस्ति वाचन के साथ तिलकोत्सव के अन्य वेद मंत्रों को सुनते हुए तंद्रा तब टूटती है, जब समधी के रूप में दोनों त्रेतायुगीन नगरियों के वर्तमान प्रतिनिधि गले मिलकर आत्मीयता का आदान-प्रदान करते हैं।

तिलकहरुओं के निर्बाध आगमन से प्रशस्त हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस की संभावना

तिलकहरुओं का समूह रविवार को ही सुबह सरयू-कमला एक्सप्रेस से सुबह अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन पहुंचा। यद्यपि त्रेतायुगीन विरासत को नए सिरे से प्रवहमान करने की पहल रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की तैयारियों के साथ शुरू हुई और इसी अनुक्रम में अयोध्या से जनकपुर का आवागमन भी शुरू हुआ, किंतु इसी 23 नवंबर को अयोध्या से जनकपुर के लिए शुरू सीधी रेल सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस से आवागमन की संभावनाओं में सुर्खाब के पर लगने की संभावना जगी।

इसे संयोग कहेंगे कि एक सप्ताह के अंदर ही यह संभावना तिलकहरुओं के निर्बाध आगमन से प्रशस्त हुई। तिलकहरुओं के दल में 10 महिलाओं सहित 54 लोग शामिल रहे। नेपाल से आए दल में विहिप नेपाल के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह भी रहे।

भारस्वरूप विविध प्रकार के उपहार भी भेंट किए

तिलकहरुओं का दल अपने साथ भार (नेग) स्वरूप सोना-चांदी के आभूषण, फल, मेवा सहित अन्य उपहार भी लेकर आया, जिसे उसने वर पक्ष के प्रतिनिधि के रूप में विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज एवं उनके सहयोगियों को भेंट किया।

सांस्कृतिक रूप से हम एक राष्ट्र: महापौर

महापौर महांत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि भौगोलिक रूप से भले ही अयोध्या और जनकपुर अथवा भारत-नेपाल अलग हों, किंतु सांस्कृतिक रूप से हम एक राष्ट्र ही है। उन्होंने सीधी रेल सेवा शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि इस ट्रेन से भी सांस्कृतिक अभिन्नता परिपुष्ट होगी।

11 दिसंबर को अयोध्या से जनकपुर जाएगी रामबरात

जनकपुर के महापौर ने बताया कि तिलकोत्सव के बाद जनकपुर में श्रीराम-सीता के प्रतीकात्मक विवाह का उत्सव मनाया जाएगा। विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज ने बताया कि राम बरात 12 को पहुंचेगी। 13-14 दिसंबर को विवाहोत्सव की रस्म संपादित होने के बाद 15 दिसंबर को वापस होगी।

यह भी पढ़ें- अयोध्या में मिथिलावासियों ने मनाया प्रभु श्रीराम का तिलकोत्सव, विवाह पंचमी का मिला न्योता

यह भी पढ़ें- सरयू-कमला एक्सप्रेस समय से पहले पहुंची अयोध्या कैंट, यात्रियों का स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।