विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरयू-कमला एक्सप्रेस समय से पहले पहुंची अयोध्या कैंट, यात्रियों का स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:08 PM (IST)

सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्याधाम जंक्शन पर निर्धारित समय से पहले पहुंची, जहां यात्रियों का भव्य स्वागत हुआ। जनकपुर से आए श्रद्धालुओं ने भारत-नेपाल के बीच सुगम यात्रा और दोनों सरकारों के प्रयासों की सराहना की।

सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्याधाम जंक्शन पहुंचे यात्रियों पर पुष्प वर्षा करते रेल कर्मी एवं भाजपा नेता। फोटो जागरण

सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्याधाम जंक्शन पहुंचे यात्रियों पर पुष्प वर्षा करते रेल कर्मी एवं भाजपा नेता। फोटो जागरण

HighLights

  1. सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्याधाम जंक्शन पर समय से पहले पहुंची।

  2. जनकपुर से आए रामलला के श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत हुआ।

  3. यात्रियों ने भारत-नेपाल सरकार के प्रयासों की सराहना की।

संवाद सूत्र, अयोध्या। सुबह के सवा सात बज रहे थे। अयोध्याधाम जंक्शन पर भाजपा नेताओं के साथ स्टेशन मैनेजर एमएन मिश्र, वाणिज्य निरीक्षक विनोद यादव, स्टेशन अधीक्षक बीके चौबे प्लेटफार्म पर खड़े थे। सभी जनकपुर से अयोध्या को आने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस की प्रतीक्षा कर रहे थे। तभी सिग्नल हो जाता है। प्रतीक्षा की घड़ियां समाप्त होती हैं।

सरयू-कमला एक्सप्रेस के हार्न की आवाज सुनकर सभी फूल-माला सहेजने लगते हैं। 7.20 बजे थे तभी सरयू-कमला एक्सप्रेस आकर प्लेटफार्म पर खड़ी हो जाती है। इस ट्रेन के अयोध्याधाम पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 7.25 बजे है, लेकिन रविवार को ट्रेन अपने निर्धारित समय से पांच मिनट पहले अयोध्याधाम पहुंच गई थी। इस ट्रेन में 600 यात्री सवार थे, जिसमें जनकपुर से रामलला का तिलक चढ़ाने वाले श्रद्धालु भी थे।

यात्रियों ने जताई खुशी

भाजपा नेताओं के साथ रेल अधिकारी यात्रियों का स्वागत करने में जुट जाते हैं। यात्री भी बहुत प्रफुल्लित नजर आ रहे थे। जनकपुर से पहुंचे मनोज कुमार शाह ने कहा कि वह बहुत खुश हैं। इस ट्रेन के चलने से नेपाल और अयोध्या दोनों स्थानों के लोगों को लाभ हुआ है।

पहले भी वह अयोध्या आते रहे हैं, लेकिन सुगम यात्रा अब जाकर मिली है। प्रमिला मिश्र ने कहाकि नेपाल से ट्रेन से अयोध्या के लिए यह उनकी पहली यात्रा है। वह बहुत प्रशन्न हैं। रामनगरी पहुंचकर मन बहुत खुश है। विनोद कुमार महतो ने कहाकि सरयू-कमला एक्सप्रेस के संचालन के लिए नेपाल और भारत सरकार दोनों का आभार है। ट्रेन में अच्छी सुविधा है।

मोदी-योगी सरकार को दिया धन्यवाद

सुनीता ने कहा कि इस ट्रेन के संचालन के लिए मोदी और योगी सरकार को धन्यवाद है। प्रदीप कुमार भगत ने कहाकि पहले हम लोग बस से आते थे, समय ज्यादा लगता था, लेकिन अब ट्रेन के चलने से यात्रा सहज हुई है। भारत और नेपाल के बीच मित्रता और बढ़े यही कामना है।

अमित कुमार भगत ने कहा कि बहुत आनंद आया यात्रा करने में। सरयू-कमला एक्सप्रेस के संचालन बहुत ही अच्छा प्रयास है। यह ट्रेन अयोध्याधाम से चलकर आठ बजकर पांच मिनट पर अयोध्या कैंट पहुंची। इसका अयोध्या कैंट पहुंचने का निर्धारित समय आठ बजकर दस मिनट है।

शनिवार को जनकपुर से अयोध्या के लिए चली सरयू-कमला एक्सप्रेस में सवार होकर आ रहे जनकपुर के मेयर मनोज साह ने ‘दैनिक जागरण’ से कहा, नई ट्रेन से अयोध्या तक सफर करना बेहद आरामदायक रहा। दोनों सरकार की पहल प्रशंसनीय है। यह दोनों देशों के संयुक्त प्रयास से सफल हो पाया है। इससे पारंपरिक रिश्ते और मजबूत होंगे।

विहिप नेपाल के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने कहा, ट्रेन के माध्यम से जनकपुर के ऐसे लोगों को भी अपने पाहुन का दर्शन मिल सकेगा, जो सड़क मार्ग से नहीं आ पाते थे। विहिप नेपाल के केंद्रीय सदस्य रघुनाथ साह ने बताया कि जनकपुर से दोपहर में ट्रेन रवाना होते समय लोगों में बड़ा उत्साह दिखाई पड़ा।

जनकपुर के साथ भारत के लोगों को भी इस ट्रेन से बड़ी सुविधा मिली है। ट्रेन में सवार जनकपुर निवासी यात्री नथुनी साह ने कहा, नई ट्रेन से यात्रा का अलग अनुभव रहा। ट्रेन के वातानुकूलित कोच अच्छे हैं। पहली बार ट्रेन से अयोध्या आने का आनंद सदैव अविस्मरणीय बना रहेगा।

यह भी पढ़ें- कोहरे के चलते दिसंबर से फरवरी तक 18 ट्रेन पर पड़ेगा असर, पूर्वोत्तर रेलवे ने 12 ट्रेनों को किया निरस्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।