कोहरे के चलते दिसंबर से फरवरी तक 18 ट्रेन पर पड़ेगा असर, पूर्वोत्तर रेलवे ने 12 ट्रेनों को किया निरस्त
कोहरे के कारण पूर्वोत्तर रेलवे ने दिसंबर से फरवरी तक 12 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया है, जबकि 6 अन्य ट्रेनों के संचालन में अस्थायी कटौती की गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पूर्वोत्तर रेलवे ने कोहरे के कारण 12 ट्रेनें रद्द कीं।
दिसंबर से फरवरी तक 6 अन्य ट्रेनों में कटौती।
यात्रियों की सुरक्षा हेतु रेल परिचालन में बदलाव।
संवाद सूत्र, गोंडा। सर्दी के मौसम में कोहरे का असर अब रेल परिचालन पर भी दिखने लगा है। दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक कोहरे के कारण यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पूर्वोत्तर रेलवे ने संरक्षित एवं सुरक्षित रेल परिचालन के मद्देनजर 12 ट्रेनों को निर्धारित अवधि के लिए पूरी तरह निरस्त करने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा छह अन्य ट्रेनों के संचालन में भी सप्ताह के निर्धारित दिनों में अस्थायी कटौती की गई है। ऐसे में इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे की समय-सारिणी जरूर देखनी होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव ने बताया कि शीतकालीन मौसम में घने कोहरे के कारण ट्रेनों के संचालन में संभावित कठिनाइयां आती हैं। दृश्यता कम होने से रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका रहती है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
ये ट्रेनें रहेंगे निरस्त
पूर्ण निरस्त ट्रेनों में काठगोदाम-जम्मूतवी एक्सप्रेस (12207) आठ दिसंबर से दो मार्च तक और जम्मूतवी-काठगोदाम एक्सप्रेस (12208) छह दिसंबर से 28 फरवरी तक नहीं चलेगी। कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम (12209) आठ दिसंबर से दो मार्च और काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल (12210) सात दिसंबर से एक मार्च तक निरस्त रहेगी। बरौनी-अंबाला कैंट (14523) तीन दिसंबर से एक मार्च और अंबाला कैंट-बरौनी (14524) एक दिसंबर से 27 फरवरी तक नहीं चलेगी।
दो दिसंबर से 24 फरवरी तक नहीं चलेंगी ये ट्रेनें
इसी तरह पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर (14617) तीन दिसंबर से दो मार्च, अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट (14618) एक दिसंबर से 28 फरवरी, वाराणसी-नेपालगंज रोड (14213) एक दिसंबर से 28 फरवरी और नेपालगंज रोड-वाराणसी (14214) दो दिसंबर से एक मार्च तक निरस्त रहेगी। प्रयागराज-मुजफ्फरपुर (14112) और मुजफ्फरपुर-प्रयागराज (14111) दो दिसंबर से 24 फरवरी तक नहीं चलेंगी।
वहीं, ग्वालियर-बरौनी (11123) प्रत्येक सोमवार और गुरुवार तथा बरौनी-ग्वालियर (11124) प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को निरस्त रहेगी। झांसी-लखनऊ (11109), लखनऊ-झांसी (11110), आगरा फोर्ट-लखनऊ (12180) और लखनऊ-आगरा फोर्ट (12179) पांच दिसंबर से 28 फरवरी तक प्रत्येक शनिवार और रविवार को नहीं चलेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।