बलिया से दिल्ली का सफर होगा सुपरफास्ट, 15 दिसंबर से खुलेगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का दूसरा फेज
गाजीपुर से बिहार सीमा तक बन रहा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पूर्वांचल के विकास को गति देगा। इसका दूसरा चरण 15 दिसंबर तक चालू हो जाएगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का दूसरा चरण 15 दिसंबर से चालू होगा।
बलिया से दिल्ली तक का सफर अब होगा आरामदायक और तेज।
पूर्वांचल और बिहार के बीच व्यापार-परिवहन को मिलेगी गति।
जागरण संवाददाता, बलिया। पूर्वांचल के जिलों को लंबे समय से बेहतर सड़क संपर्क की दरकार रही है। अब गाजीपुर से बलिया होते हुए बिहार की सीमा तक बन रहा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे इस क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने की उम्मीद जगा रहा है। 15 दिसंबर तक एक्सप्रेस-वे का दूसरा फेज चालू हो जाएगा।
जनवरी 2027 से बैरिया से बिहार तक तीसरे फेज पर भी वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। इससे पूर्वांचल और बिहार के बीच यात्रा सुगम होने के साथ व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। 134.300 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर 5320 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
चार चरणों में किया जा रहा पूरा
परियोजना एनएच-29 पर हृदयपुर गांव के पास से शुरू होकर छपरा-मांझी एनएच-19 को पार करते हुए नए रिविलगंज बाईपास के रास्ते बिहार की सीमा तक जाती है। इसे चार चरणों में पूरा किया जा रहा है। एनएचएआई के अनुसार, पहले चरण में हृदयपुर से शाहपुर तक 42.50 किलोमीटर सड़क पर आवागमन शुरू हो चुका है।
दूसरे चरण में शाहपुर से पिंडारी तक 35.65 किलोमीटर सड़क सड़क का निर्माण कार्य भी पूर्ण हैं। तीसरा हिस्सा पिंडारी से बैरिया होते हुए रिविलगंज बाईपास तक 38.37 किलोमीटर लंबा है। बैरिया से मांझी घाट तक कार्य तेजी से चल रहा है। अब कुछ स्थानों पर टुकड़ों में कार्य अधूरा पड़ा है।
चौथा हिस्सा 17.27 किलोमीटर लंबा बक्सर स्पर काे भी जनवरी 2027 से चालू करने की तैयारी है। यह एक्सप्रेस-वे गाजीपुर से बलिया तक 184 गांवों से होकर गुजर रहा है। इसमें बलिया के 82, बैरिया के 16 व गाजीपुर जनपद के 86 गांवों के लोगों को आवागमन में विशेष सहूलियत होगी।
दिल्ली जाने का सफर भी होगा आरामदायक
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पूरी तरह से चालू हो जाने के बाद बलिया से दिल्ली जाने का सफर भी आरामदायक हो जाएगा। गाजीपुर से छह लेन सड़क पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर 340 किलोमीटर की दूरी तय कर लखनऊ पहुंचने के बाद वहां से 300 किलोमीटर के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे का संपर्क मिल जाएगा और आगरा से यमुना एक्सप्रेस-वे पर 180 किमी दूरी तय कर आराम से लोग नोएडा पहुंच जाएंगे।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का एक फेज चालू है। दूसरे फेज का काम भी पूर्ण हो गया है। जनवरी से तीसरे और चौथे फेज को भी पूर्ण रूप से चालू कर दिया जाएगा। सभी जगह निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। -पीयूष अग्रवाल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई, आजमगढ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।