विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मौत, आनन-फानन में कर दिया अंतिम संस्कार

Published: Mon, 16 Mar 2026 07:06 PM (IST)

अयोध्या में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। ग्रामीणों ने चौकीदार को सूचना दी।

संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मौत।

संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मौत।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवादसूत्र, मिल्कीपुर (अयोध्या)। तुलापुर गांव में बीते गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मौत हो गई। इसके बाद आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिया गया। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना महुलारा गांव निवासी ग्रामसभा के चौकीदार को भी दी, लेकिन चार दिन बाद भी पुलिस पूरी तरह अनजान है।

इनायतनगर थाना क्षेत्र के तुलापुर में 12 मार्च को किशोरी रूबी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लोगों ने चौकीदार को सूचित किया, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि 13 मार्च की सुबह गांव के बाहर प्रधान धर्मेंद्र यादव, बीएलओ बंसीलाल, सुरजीत व लड़की के भाई आनंद उर्फ अंकुर ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

ग्रामीणों ने मौत के बारे में जानना चाहा तो कुछ नहीं बताया गया और न ही ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। किशोरी की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। उसकी हत्या की भी आशंका जताई जा रही है।

बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार करने से कई प्रश्न उठ रहे हैं। किशोरी की मृत्यु की सूचना क्यों छिपाई गई? संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बावजूद सूचना पुलिस को क्यों नहीं दी गई? इसको लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। चौकीदार ने क्यों पुलिस अधिकारियों से घटना को छिपाए रखा? ग्राम प्रधान ने क्यों जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करा दिया?

किशोरी की मौत के बारे में पूछने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर अजय कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें और इनायतनगर थाना पुलिस को घटना के बारे में जानकारी नहीं है। ग्रामीणों की ओर से चौकीदार को सूचना दिए जाने के बाद क्षेत्रीय पुलिस या डायल-112 को सूचना देना चाहिए था।

ग्राम प्रधान की ओर से भी सूचित किया जाना चाहिए था। अभी किशोरी की मौत के मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- कानपुर में दर्दनाक हादसा, गंदे पानी से भरे गड्ढे में डूबकर मासूम की मौत

यह भी पढ़ें- एटा में चार साल की मासूम पर कुत्तों का हमला, गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती