एटा में चार साल की मासूम पर कुत्तों का हमला, गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती
एटा के मिरहची क्षेत्र में चार साल की बच्ची वंदना पर आवारा कुत्तों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल ...और पढ़ें

कुत्तों के हमले से घायल बच्ची।
जागरण संवाददाता, एटा। आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार दोपहर मिरहची क्षेत्र में चार साल की एक मासूम बच्ची पर कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची को घेरकर नोंचना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची की चीखपुकार सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों से उसे बचाया।
मिरहची क्षेत्र के गांव नगला दत्ती निवासी राघवेंद्र की चार वर्षीय मासूम बेटी वंदना घर के सामने घरेलू खेलते समय पानी से नहा रही थी। बच्ची की बुआ नीलेश ने बताया कि घटना सोमवार की दोपहर करीब एक बजे की है, आसपास घूम रहे आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर घाव हो गए।
सबसे ज्यादा कंधे के आसपास मांस को चीर दिया। पिता ने बताया कि घटना के बाद तुरंत घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिरहची लेकर पहुंचे।
उसकी हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। डाक्टरों ने घावों की साफ-सफाई करने के बाद एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया और इम्यूनोग्लोबिन इंजेक्शन भी लगाया गया, ताकि रेबीज संक्रमण का खतरा कम किया जा सके।
पिता का कहना है कि इम्यूनोग्लोबिन इंजेक्शन अस्पताल में उपलब्ध नहीं हो सका। इसके बाद बाजार से इंजेक्शन खरीदकर लाना पड़ा, तब जाकर उपचार की प्रक्रिया पूरी हो सकी। घटना के बाद परिजनों में काफी दहशत और आक्रोश देखा गया।
उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है, लेकिन इनके नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
