रामनगरी में अपना घर बनाने का सुनहरा मौका, न्यू अयोध्या की आवासीय योजना में प्लॉट का पंजीकरण शुरू
नव्य अयोध्या की ग्रीनफील्ड टाउनशिप के सेक्टर 1B और 1C में 273 आवासीय भूखंडों के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है।

तस्वीर को एआई टूल के माध्यम से सुदृढ़ किया गया है। जागरण
HighLights
नव्य अयोध्या में 273 आवासीय भूखंडों का पंजीकरण शुरू।
सेक्टर 1B और 1C में 22 दिसंबर तक आवेदन का मौका।
आधुनिक सुविधाओं के साथ रामनगरी में घर बनाने का अवसर।
प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में बढ़ती गतिविधियों ने शहर के विस्तार और नई आवासीय संभावनाओं को गति दी है। नव्य अयोध्या इसी बदलाव का नया केंद्र बन रही है। रामनगरी में अब अपना आशियाना बनाने का सपना भी आकार ले रहा है।
नव्य अयोध्या में उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने आवासीय भूखंड योजना शुरू की है। ग्रीनफील्ड टाउनशिप के सेक्टर एक बी और एक सी में 273 भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने से रामनगरी में घर बनाने की चाह रखने वालों को नया अवसर मिला है। योजना में पंजीकरण 23 नवंबर से शुरू हो चुका है, जो 22 दिसंबर तक चलेगा।
योजना के तहत सेक्टर एक बी में 107 और सेक्टर एक सी में 166 भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे। दोनों सेक्टरों में कुल 273 आवासीय प्लाट प्रस्तावित हैं। रेरा पंजीकृत परियोजना में अंडरग्राउंड यूटिलिटीज, 18 मीटर चौड़ी सड़कें, ग्रीन-ब्लू कारिडोर जैसी सुविधाएं होंगी।
हरित क्षेत्र, झील, वेलनेस हब, हाईटेक पार्क और सुपर-स्पेशियलिटी मेडिकल सेंटर जैसी आधुनिक सुविधाएं नई पहचान दिलाएंगी। रामनगरी को सोलर सिटी और स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण टाउनशिप है। अधिशासी अभियंता अमन त्यागी ने बताया कि सेक्टर एक बी में 150 व 200 और सेक्टर एक सी में 100, 150 व 200 वर्ग मीटर के भूखंड हैं।
जल्द शुरू होगा व्यावसायिक भूखंडों का आवंटन
अधीक्षण अभियंता डीके गुप्ता ने बताया कि 16 व्यावसायिक भूखंडों का आवंटन भी जल्द शुरू होगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले आवासीय योजना में लगभग 300 आवासीय भूखंडों का आवंटन हो चुका है। गुजरात, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और गोवा सरकारों को भूखंड आवंटन के अलावा मठ-आश्रमों के लिए कुल 21 भूखंड आवंटित हो चुके हैं। होटल निर्माण के लिए भी नौ प्लाट आवंटित किए गए हैं।
40 सेक्टरों में आकार ले रही नई अयोध्या
नव्य अयोध्या की ग्रीनफील्ड टाउनशिप करीब दो हजार एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है। सुनियोजित विकास के लिए इसे 40 सेक्टरों में बांटा गया है। यहां आवासीय सुविधाओं के साथ विभिन्न राज्यों के राज्य अतिथि गृह भी आकार ले रहे हैं। परियोजना का उद्देश्य अयोध्या को धार्मिक पर्यटन के साथ आधुनिक आवासीय सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।