कपड़ा सिलाई करने वाले की बेटी ने ITI टॉप कर रामनगरी का बढ़ाया मान, PM मोदी करेंगे सम्मानित
अयोध्या की काजल महावर ने विषम परिस्थितियों में भी आईटीआई में 98.16% अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।

गरीबी में पली-बढ़ी काजल ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान।
HighLights
काजल महावर ने आईटीआई में 98.16% अंक प्राप्त किए।
प्रधानमंत्री मोदी 21 नवंबर को लखनऊ में करेंगे सम्मानित।
सिलाई करने वाले पिता की बेटी ने बढ़ाया रामनगरी का मान।
विनोद यादव, अयोध्या। परिवार की विषम परिस्थितियों में भी रामनगरी से आइटीआइ की पढ़ाई करके छात्रा काजल महावर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित की है।
गरीबी में पली-बढ़ी काजल ने अपनी मेहनत और लगन से ऐसा मुकाम हासिल किया है कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों सम्मानित होने का अवसर मिलने जा रहा है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर काजल ने परिवार एवं संस्थान के साथ देश व प्रदेश स्तर पर रामनगरी का भी गौरव बढ़ाया है।
21 नवंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कौशल दीक्षा प्रशिक्षण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काजल महावर सहित देश के चुनिंदा 52 मेधावियों को सम्मानित करेंगे।
इसमें उत्तर प्रदेश के छह मेधावी शामिल हैं, जिसमें काजल भी हैं। आइटीआइ के दो वर्षीय कोर्स में काजल ने 98.16 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्हें 1200 में से 1187 अंक प्राप्त हुए हैं।
काजल महावर मूलत: राजस्थान के अलवर जिले की निवासी हैं। वह अयोध्या के नाका क्षेत्र में मानस नगर कालोनी में स्थित प्रो. केके यादव आइटीआइ से पेंटर ट्रेड में अध्ययनरत रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई पैतृक जिले से ही पूरी की है। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की पढ़ाई कला वर्ग से पूरी की है।
काजल के दो भाई हैं। बड़े भाई राम अवतार पढ़ाई के साथ अन्य कार्य भी करते हैं। छोटा भाई मोनू महावर पिता के साथ सिलाई में सहायता करता है। काजल के पिता मोतीलाल महावर अलवर में ही किसी के प्रतिष्ठान में कपड़े की सिलाई करते हैं। माता जमुना देवी गृहिणी हैं।
सिलाई से मिलने वाला पैसा ही काजल के परिवार के जीविकोपार्जन का साधन है। काजल ने रेलवे में नौकरी का लक्ष्य रखा है। वह इसी की तैयारी कर रही हैं। काजल के साथ लखनऊ में प्रधानमंत्री के हाथों सम्मानित होने वालों में देवरिया के नीतेश चौरसिया, राजकीय आइटीआइ लखनऊ से अब्दुल मोबिन, शहबाज खान, प्राची विश्वकर्मा व प्रतिभा भी शामिल हैं। इन सभी के ट्रेड अलग-अलग हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।