विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

58 साल के हुए बिहार के 'सम्राट', RJD से BJP तक ऐसे तय किया सियासी सफर; PM मोदी ने दी बधाई

Published: Mon, 16 Nov 2026 10:59 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पीएम ...और पढ़ें

बिहार के मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी। फाइल

बिहार के मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी। फाइल

HighLights

  1. पीएम मोदी ने बिहार सीएम सम्राट चौधरी को जन्मदिन की बधाई दी।

  2. प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास प्रयासों की सराहना की, स्वस्थ जीवन की कामना।

  3. सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी के आशीर्वाद को प्रेरणास्रोत बताया।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सम्राट चौधरी को जन्मदिन की बधाई दी।

उन्होंने लिखा कि बिहार के मुख्यमंत्री विभिन्न क्षेत्रों में राज्य के विकास को नई गति देने और आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने ईश्वर से उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

पीएम के आशीर्वाद को बताया प्रेरणास्रोत

प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी आभार जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, जन्मदिन की शुभकामना एवं आत्मीय स्नेह के लिए आपका हृदय से आभार।

आपका आशीर्वाद, मार्गदर्शन और बिहार के प्रति आपका विशेष स्नेह हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।" मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निरंतर कार्य करते रहेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी सम्राट चौधरी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।

मुंगेर से मुख्यमंत्री की कुर्सी तक का सफर

सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को मुंगेर जिले के तारापुर स्थित लखनपुर गांव में हुआ था। उनके पिता शकुनी चौधरी राजनीति के प्रमुख चेहरों में रहे हैं।

वे सांसद और मंत्री रह चुके हैं। उनकी मां पार्वती देवी गृहिणी हैं। सम्राट चौधरी को राजनीतिक माहौल विरासत में मिला। उनकी प्रारंभिक शिक्षा तारापुर में हुई। इसके बाद उन्होंने मदुरै कामराज विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की।

सम्राट चौधरी ने वर्ष 1990 में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। वर्ष 1999 में राबड़ी देवी की सरकार में उन्हें पहली बार मंत्री बनने का अवसर मिला। हालांकि, उम्र को लेकर उठे विवाद के बाद उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा।

BJP में तेजी से बढ़ा सम्राट का कद

इसके बाद उन्होंने राजद से अलग होकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का रुख किया। आगे चलकर वे जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) से भी जुड़े।

इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में आने के बाद उनका राजनीतिक कद लगातार बढ़ता गया।

पार्टी ने उन्हें बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दी। इसके बाद वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने और फिर राज्य सरकार में उपमुख्यमंत्री की भूमिका निभाई।

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद 15 अप्रैल 2026 को सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस तरह तारापुर के लखनपुर गांव से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर राज्य की सत्ता के शीर्ष तक पहुंचा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।