रामनगरी को काठमांडू से भी जोड़ेगी अयोध्या-जनकपुर एक्सप्रेस, इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
अयोध्या-जनकपुर एक्सप्रेस ट्रेन भविष्य में काठमांडू तक विस्तारित होगी, जिससे अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अयोध्या-जनकपुर एक्सप्रेस काठमांडू तक विस्तार की योजना।
जयनगर-काठमांडू नई रेल लाइन का सर्वे पूरा।
धार्मिक पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा।
रविप्रकाश श्रीवास्तव, अयोध्या। प्रभु श्रीरामलला के धाम को माता सीता के जन्मस्थान जनकपुर से जोड़ने वाली प्रस्तावित ट्रेन भविष्य में काठमांडू तक जाएगी। इस योजना पर कार्य चल रहा है। स्थानीय रेल अधिकारियों के अनुसार प्रथम चरण में यह आधुनिक ट्रेन अयोध्या और जनकपुर के बीच चलाई जाएगी, जिससे दोनों पवित्र स्थलों के बीच सीधा और तेज रेल संपर्क स्थापित होगा।
अयोध्या से जनकपुर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस नहीं, बल्कि साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन संचालित होगी। भविष्य में इस ट्रेन को नेपाल की राजधानी काठमांडू तक विस्तार देने की योजना है। इससे अयोध्या रेलमार्ग से काठमांडू से सीधे जुड़ जाएगी। इसे लेकर नेपाल में रेलवे अवसंरचना को मजबूत बनाने का कार्य भारतीय रेलवे के सहयोग से किया जा रहा है।
फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा
भारत-नेपाल सीमा पर जयनगर से काठमांडू तक करीब 136 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा हो चुका है। यह नई लाइन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोनों देशों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी।
सूत्रों के अनुसार नेपाल और भारत सरकारों ने रेल संपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से एक संयुक्त वक्तव्य भी जारी किया है। इसमें भारत के फंड से एक नई इलेक्ट्रिफाइड रेलवे लाइन बनाने पर सहमति जताई गई है।
धार्मिक पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
यह लाइन भारत के सीमावर्ती शहर जयनगर को नेपाल की राजधानी काठमांडू से जोड़ेगी। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि व्यापार, आवागमन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में भी नई गति आएगी।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद धार्मिक पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। जनकपुर और काठमांडू तक सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से नेपाली और भारतीय श्रद्धालु आसानी से दोनों देशों के पवित्र स्थलों की यात्रा कर सकेंगे। परियोजना के तकनीकी पहलुओं पर दोनों देशों की टीमें मिलकर काम कर रही हैं। सर्वे के पूरा होने के बाद कार्य में और तेजी आएगी।
अयोध्या कैंट से जनकपुर जाएगी एक्सप्रेस ट्रेन
अयोध्याधाम-जनकपुर एक्सप्रेस की समय सारिणी जारी कर दी गई है। यह ट्रेन सोमवार को शाम पांच बजकर 50 मिनट पर अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए रवाना होगी। जनकपुर से यह ट्रेन शनिवार को दोपहर एक बजकर दस मिनट पर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी।
इस ट्रेन का ठहराव अयोध्या कैंट, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिहसो, मधुबनी, जयनगर और जनकपुर होगा। अयोध्या से जनकपुर की दूरी 604 किलोमीटर है जिसे यह ट्रेन लगभग 18 घंटे में तय करेगी।
यह भी पढ़ें- देवरिया में उग्रसेन सेतु बंद होने से शादी-विवाह में बढ़ी मुश्किलें, 115 किमी का चक्कर लगाने को मजबूर लोग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।