विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में 29 नवंबर को रामलला का तिलक समारोह, नेपाल के जनकपुर से आएंगे 51 तिलकहरू

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:04 PM (IST)

अयोध्या में 29 नवंबर को रामलला का तिलक समारोह होगा, जिसमें नेपाल के जनकपुर से 51 तिलकहरू पहुंचेंगे। यह आयोजन भारत-नेपाल के सदियों पुराने पारंपरिक संबंधों को और प्रगाढ़ करेगा।

राम मंदिर में स्थापित रामलला का विग्रह। जागरण अर्काइव

राम मंदिर में स्थापित रामलला का विग्रह। जागरण अर्काइव

HighLights

  1. अयोध्या में 29 नवंबर को रामलला का तिलक समारोह आयोजित होगा।

  2. नेपाल के जनकपुर से 51 तिलकहरू अयोध्या पहुंचेंगे इस अवसर पर।

  3. यह आयोजन भारत-नेपाल के पारंपरिक संबंधों को मजबूत करेगा।

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। भारत-नेपाल के सदियों पुराने पारंपरिक संबंध को तिलकोत्सव के माध्यम से फिर प्रगाढ़ करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। माता जानकी के मायके जनकपुर के लोग अपने पाहुन (दामाद) भगवान श्रीराम का तिलक चढ़ाने के लिए इसी माह 29 नवंबर को अयोध्या पहुंच रहे हैं। रामलला के तिलकोत्सव में इस बार 51 तिलकहरू मधेश प्रदेश के सभामुख (विधानसभा अध्यक्ष) रामाशीष यादव के नेतृत्व में यहां पहुंचेंगे।

तिलकहरुओं में जनकपुर के मेयर मनोज साह, जानकी मंदिर के महांत राम तपेश्वर दास वैष्णव, नेपाल विहिप के केंद्रीय सदस्य मनोहर साह, विहिप के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह सहित अन्य शामिल रहेंगे। इनमें दस महिलाएं भी होंगी, जो सीता जी की सखियां बनकर आएंगी। अयोध्या के रामसेवकपुरम में सादे समारोह में भगवान राम का तिलक चढ़ेगा।

नेग में सोना-चांदी के आभूषण और फल-मेवा

तिलकहरुओं की ओर से बरात लाने की सहमति व्यक्त करके भार (नेग) स्वरूप सोना-चांदी के आभूषण, फल, मेवा व अन्य उपहार भेंट किया जाएगा। तिलक चढ़ने के बाद प्रतीकात्मक रूप से अयोध्या से जनकपुर के लिए राम बरात प्रस्थान करेगी। बरात में स्थानीय साधु-संतों के अलावा विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

विहिप के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने बताया कि जनकपुरधाम में गत दिनों हुई बैठक में तिलकोत्सव की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस दौरान यह तय किया गया है कि जनकपुर से 51 लोग तिलकहरू के रूप में अयोध्या के लिए 28 नवंबर को चलेंगे। 29 नवंबर की सुबह अयोध्या पहुंच जाएंगे। रामसेवकपुरम में गत वर्ष की भांति रामलला का तिलक चढ़ाया जाएगा।

अयोध्या से प्रस्थान करने वाली राम बरात समिति के संयोजक व विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज को तिथि निर्धारित करके अवगत करा दिया गया है। तैयारी बैठक में जनकपुर के मेयर मनोज साह व जानकी मंदिर के छोटे महांत राम रोशन दास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

वैसे तो भव्य उत्सव के बीच प्रत्येक पांच वर्ष पर अयोध्या से जनकपुर के लिए राम बरात प्रस्थान करती है। दो वर्ष पूर्व नेपाल व विहिप पदाधिकारियों ने तिलकोत्सव की नई परंपरा शुरू की थी, जिसके अंतर्गत 18 नवंबर 2024 को रामसेवकपुरम में रामलला का तिलक चढ़ाया गया था।

इस समारोह में मधेश प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह अपने पांच कैबिनेट मंत्रियों व जनकपुर मेयर सहित 501 लोगों के साथ अयोध्या पहुंचे थे। यहां राजा दशरथ के रूप में विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपतराय ने सारी रस्में निभाई थीं।

यह भी पढ़ें- बिहार के रास्ते नेपाल और अयोध्या जुड़ेंगे रेल नेटवर्क से, सरयू-कमला एक्सप्रेस का टाइम टेबल जारी

यह भी पढ़ें- सरयू-कमला एक्सप्रेस में मिलेगा केवल कंफर्म टिकट, अयोध्या से जनकपुर जाने के लिए फॉलो करने होंगे खास नियम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।