बिहार के रास्ते नेपाल और अयोध्या जुड़ेंगे रेल नेटवर्क से, सरयू-कमला एक्सप्रेस का टाइम टेबल जारी
भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट तक सरयू-कमला एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होगा। साप्ताहिक ट्रेन से श्रद्धालुओं को रामायण से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

सरयू कमला एक्सप्रेस का परिचालन 28 से। जागरण ग्राफिक्स
HighLights
जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट तक नई रेल सेवा शुरू।
सरयू-कमला एक्सप्रेस साप्ताहिक रूप से संचालित होगी।
श्रद्धालुओं को रामायण स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
जागरण संवाददाता, पटना। भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और पहल हुई है। नेपाल के जनकपुरधाम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होगा।
पूर्व मध्य रेल के अनुसार, ट्रेन संख्या 15595/15596 का परिचालन साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा। जनकपुरधाम से अयोध्या के बीच चलने वाली यह ट्रेन सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और गोरखपुर होते हुए गुजरेगी।
इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को रामायण से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी। यह लोगों के लिए बड़ी सौगात की तरह है।
परिचालन से जुड़ी प्रमुख बातें
- 28 नवंबर से शुरुआत: ट्रेन संख्या 15595 जनकपुरधाम से शनिवार, 28 नवंबर से अगले आदेश तक चलेगी।
- 30 नवंबर से वापसी: ट्रेन संख्या 15596 अयोध्या कैंट से सोमवार, 30 नवंबर से परिचालित होगी।
- साप्ताहिक परिचालन: जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को ट्रेन चलेगी।
17 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
ट्रेन में एलएससीएन के सात, एलएसीसीएन के तीन, एलएसीसीएनई के तीन, एलएसीसीडब्ल्यू के दो और एलडब्ल्यूएलआरआरएम के एक कोच सहित कुल 17 कोच होंगे।
ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव भारतीय क्षेत्र में जयनगर में होगा।
यह होगा ट्रेन का समय
- ट्रेन संख्या 15595 जनकपुरधाम से दोपहर 1:10 बजे खुलेगी।
- जयनगर कस्टम यार्ड में 14:25 से 15:25 बजे तक ठहराव होगा।
- मधुबनी में 15:48 से 15:50 बजे तक रुकेगी।
- शाम 5:10 से 5:15 बजे शिशो और 7 से 7:05 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी।
- रात 9:35 से 9:40 बजे रक्सौल और 10:50 से 11:20 बजे नरकटियागंज में ठहराव होगा।
- गोरखपुर में सुबह 3:55 से 4:05 बजे तक रुकेगी।
- बस्ती और मनकापुर होते हुए सुबह 7:25 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी।
- सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचकर यात्रा पूरी करेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 15596 सोमवार को अयोध्या कैंट से शाम 5:50 बजे खुलेगी। अयोध्या धाम में 6:20 से 6:25 बजे ठहराव के बाद गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और जयनगर होते हुए मंगलवार को नेपाल के जनकपुरधाम पहुंचेगी।
वहां दोपहर 12:40 बजे आगमन निर्धारित है। रेलवे बोर्ड की स्वीकृति के बाद पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर ने सभी संबंधित मंडलों को ट्रेन के सुचारु परिचालन और समयपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही इसे नियमित सुपरफास्ट, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह प्राथमिकता देने को कहा गया है।