विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डबल रेलवे ट्रैक और नई ट्रेन से हाईटेक हुआ अयोध्या का रेल नेटवर्क, 800 करोड़ के प्रोजेक्ट ने बदली रामनगरी की तस्वीर

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:59 PM (IST)

अयोध्या में 800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के तहत रेल सुविधाओं का व्यापक विकास हुआ है, जिसमें दोहरीकरण, विद्युतीकरण और आधुनिक रेलवे स्टेशनों का निर्माण शामिल है।

अयोध्या धाम जंक्शन में स्थापित गिलहरी की प्रतिमा। फोटो- जागरण

अयोध्या धाम जंक्शन में स्थापित गिलहरी की प्रतिमा। फोटो- जागरण

HighLights

  1. रेल लाइनों का दोहरीकरण और विद्युतीकरण क्षमता में वृद्धि।

  2. अयोध्या धाम सहित अन्य स्टेशनों का आधुनिक पुनर्विकास।

  3. नई ट्रेनों के संचालन से देश के प्रमुख शहरों से जुड़ाव।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी में रेल सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिली है। रेल लाइन के दोहरीकरण और विद्युतीकरण से लेकर आधुनिक रेलवे स्टेशनों के निर्माण, नई ट्रेनों के संचालन और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव से अयोध्या की रेल कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। श्रद्धालुओं, पर्यटकों और यात्रियों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम हुआ है।

राममंदिर निर्माण की शुरुआत के साथ ही इस दूरगामी परिकल्पना को धरातल पर उतारने की पहल शुरू हुई थी। धार्मिक और पर्यटन महत्ता ने प्रयासों को और अधिक बल मिला। देश के कोने-कोने से अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेल आवागमन का प्रमुख माध्यम बन चुकी है।

दोहरी रेल लाइन और विद्युतीकरण से बढ़ी रेल क्षमता

बाराबंकी-अयोध्या-जौनपुर रेलखंड पर लगभग 238 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य रेल यातायात की क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा। अकबरपुर-अयोध्या कैंट-बाराबंकी रेलखंड और अयोध्या कैंट-सुल्तानपुर रेलखंड का विद्युतीकरण हुआ। अयोध्या प्रयागराज मार्ग पर लाइन दोहरी कारण का कार्य चल रहा है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत दर्शननगर, भरतकुंड और रामघाट हाल्ट रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हुआ। यात्री सुविधाओं के साथ माल परिवहन से जुड़े ढांचे को भी विकसित किया गया है। सलारपुर में फ्रेट टर्मिनल का विकास किया गया है। बिल्हरघाट और रौजागांव में गुड्स शेड की सुविधाएं विकसित की गई हैं।

अयोध्या धाम स्टेशन का आधुनिकीकरण

अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का प्रथम चरण में 240 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास हुआ। मंदिर की स्थापत्य शैली पर आधारित तीन मंजिला आधुनिक भवन के साथ लिफ्ट, एस्केलेटर, प्रतीक्षालय, फूड प्लाजा, क्लाक रूम, चाइल्ड केयर रूम, यात्री सूचना प्रणाली, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, पार्किंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट विकसित किए गए।

ayodhya news (28)

करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से 128 मीटर लंबे एयर कानकोर्स का भी विकास किया गया है। स्टेशन के दूसरे चरण में करीब 484 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य स्वीकृत हैं। इसमें दूसरे प्रवेश द्वार, नए भवन और प्लेटफार्म संख्या चार से छह तक के विकास की योजना शामिल है।

नई ट्रेनोंं से देश के प्रमुख शहरों से जुड़ा अयोध्या

यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई रेल सेवाएं शुरू की गईं। इनमें अयोध्या कैंट-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस (22425/22426), दरभंगा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस (15557/15558), गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस (22549/22550), पटना-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस (22345/22346) और अयोध्या कैंट-कानपुर अनवरगंज इंटरसिटी (14221/14222) शामिल हैं।

छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस (15053/15054), कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस (15623/15624), प्रयागराज-बस्ती मनवर संगम (14117/14118), रामेश्वरम-फैजाबाद श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस (16793/16794) और मऊ-लखनऊ एक्सप्रेस (15071/15072) जैसी सेवाओं से भी रेल संपर्क का विस्तार हुआ है।

अयोध्या कैंट स्टेशन पर भी विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं: लल्लू सिंह

पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने अयोध्या में रेलवे के विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि भव्य अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन का निर्माण जल्द ही प्रारंभ होगा। यहां अयोध्या धाम स्टेशन की तर्ज पर अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

यह भी पढ़ें- सरयू-कमला एक्सप्रेस का आगाज: अयोध्या-जनकपुर धाम स्पेशल ट्रेन से 200 यात्रियों ने किया मुफ्त सफर

यह भी पढ़ें- सरयू-कमला एक्सप्रेस रूट: अयोध्या-जनकपुर के बीच इन स्टेशनों पर ठहराव, 18 घंटे में 604 KM चलेगी ट्रेन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।