विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरयू-कमला एक्सप्रेस रूट: अयोध्या-जनकपुर के बीच इन स्टेशनों पर ठहराव, 18 घंटे में 604 KM चलेगी ट्रेन

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:37 PM (IST)

सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक 604 किमी की दूरी 18 घंटे में तय करेगी, जिसमें 10 स्टेशन शामिल हैं।  

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. अयोध्या-जनकपुर 604 किमी दूरी 18 घंटे में तय होगी।

  2. 70% सीटें सीधी यात्रा, 30% मध्यवर्ती स्टेशनों हेतु आरक्षित।

  3. 17 एलएचबी कोच, 1158 यात्री क्षमता वाली साप्ताहिक ट्रेन।

रविप्रकाश श्रीवास्तव, अयोध्या। रामनगरी से नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस में टिकट की व्यवस्था भी अलग होगी। ट्रेन में कुल सीटों का 70 प्रतिशत कोटा संपूर्ण दूरी यानी अयोध्या से जनकपुर तक की सीधी यात्रा के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि 30 प्रतिशत कोटा मध्यवर्ती स्टेशनों से बुकिंग के लिए निर्धारित होगा। ट्रेन अयोध्या से जनकपुर के बीच की 604 किमी की दूरी 18 घंटे में तय करेगी, जिसके रूट में 10 स्टेशन शामिल हैं।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह व्यवस्था यात्रियों की सुविधा और मांग को ध्यान में रखकर की गई है। संपूर्ण दूरी तय करने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को प्राथमिकता देते हुए 70 प्रतिशत सीटें अयोध्या से जनकपुर तक की बुकिंग के लिए रखी गई हैं। शेष 30 प्रतिशत सीटें बीच के स्टेशनों से यात्रा करने वालों के लिए उपलब्ध रहेंगी।

मध्यवर्ती स्टेशन अयोध्याधाम के बाद मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर हैं। इन स्टेशनों से टिकट बुक करने वाले यात्री 30 प्रतिशत कोटे का लाभ उठा सकेंगे। ट्रेन साप्ताहिक आधार पर चलेगी।

सरयू और कमला नदी के नाम पर नामकरण

सरयू-कमला एक्सप्रेस का नाम अयोध्या की सरयू नदी और जनकपुर क्षेत्र की कमला नदी के नाम पर रखा गया है। यह ट्रेन राम जन्मभूमि अयोध्या और सीता जन्मस्थली जनकपुर को सीधे जोड़ेगी। टिकट बुकिंग आइआरसीटीसी वेबसाइट, मोबाइल एप और आरक्षण काउंटरों से की जा सकेगी। यात्रियों को वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस ट्रेन में तत्काल, वेटिंग लिस्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी। केवल कन्फर्म टिकट पर ही यात्रा संभव होगी। यह व्यवस्था सुनिश्चित करेगी कि संपूर्ण दूरी तय करने वाले यात्रियों को पर्याप्त सीटें मिलें और मध्यवर्ती स्टेशनों के यात्री भी आसानी से बुकिंग कर सकें।

1158 यात्री कर सकेंगे यात्रा

सरयू-कमला एक्सप्रेस में 17 कोच हैं। सभी कोच लिंक हॉफमैन बुश (एलएचबी) श्रेणी के हैं। यह भारतीय रेलवे के आधुनिक यात्री कोच हैं। ये सामान्यतः 160 किमी. प्रतिघंटे तक की रफ्तार के लिए बने हैं और 200 किमी. प्रतिघंटे तक चल सकते हैं।

सुरक्षा की दृष्टि से टक्कर या हादसे के समय कोच एक-दूसरे के ऊपर नहीं चढ़ते और इनके पलटने का खतरा कम रहता है। इसमें 1158 यात्री सवार हो सकते हैं। एसी द्वितीय, एसी तृतीय एवं स्लीपर कोच हैं।

अयोध्या से जनकपुर की दूरी 604 किलोमीटर है, जिसे यह ट्रेन लगभग 18 घंटे में तय करेगी। इस ट्रेन का ठहराव अयोध्या कैंट, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिहसो, मधुबनी, जयनगर और जनकपुर होगा।

रेलवे जनसंपर्क विभाग के अनुसार, पहले दिन यह उद्घाटन ट्रेन के रूप में रवाना हुई है। इसके लिए 1100 यात्रियों ने पास लिया है। इसमें अयोध्या के अतिरिक्त लखनऊ, बनारस, राजस्थान, कोलकाता के लोग हैं। पारगमन एवं भंसार की प्रक्रिया को लेकर अभी स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिला है।

यह भी पढ़ें- यूपी-बिहार के 10 स्टेशनों से गुजरेगी अयोध्या-जनकपुर एक्सप्रेस, 17 कोच; किराये से लेकर रूट-टाइमिंग की डिटेल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।