Ram Mandir: रामलला के साथ राम दरबार के भी दर्शन शुरू, सुगम पास धारकों को मिल रही सुविधा
अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा सुगम पास प्रणाली में बदलाव किया गया है। अब सुगम पास धारक रामलला के साथ राम दरबार के भी दर्शन कर सकेंगे। सॉफ्टवेयर में संशोधन के बाद यह सुविधा शुरू हुई है जिससे प्रतिदिन लगभग 1200 भक्तों को लाभ मिलेगा। पहले यह सुविधा केवल विशिष्ट पास धारकों के लिए ही उपलब्ध थी लेकिन अब सुगम पास धारक भी इसका लाभ उठा सकते हैं।

प्रवीण तिवारी, अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का होमवर्क पूरा होते ही गुरुवार से सुगम पास पर रामलला के साथ ही राम दरबार का दर्शन होने लगा है। सुगम पास पर भक्तों को पहले सिर्फ रामलला का दर्शन हो पाता था, लेकिन पास संबंधित साफ्टवेयर में संशोधन कर यह नई व्यवस्था शुरू की गई।
पास भी जारी होने लगा। अभी तक श्रद्धालुओं को विशिष्ट पास पर ही दोनों देव स्थलों पर जाकर दर्शन करने की छूट थी। अब सुगम व विशिष्ट पास धारक अपने-अपने पास पर दोनों जगह देव विग्रहों का दर्शन कर सकेंगे। इन्हें किसी प्रकार की मांग की जरूरत नहीं है।
सुगम पास का आवेदन करते ही स्वत: रामदरबार के दर्शन की अनुमति मिल जाएगी और पास पर रामदरबार भी अंकित होगा। इससे नित्य लगभग 12 सौ भक्तों का लाभ मिलेगा। मंदिर व्यवस्था के प्रमुख गोपाल राव ने बताया कि गुरुवार दोपहर से पास जारी किया जाने लगा है। बताया कि टीसीएस (टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज) के कर्मचारियों ने इसके साफ्टवेयर में संशोधन किया है।
उधर नित्य छह स्लाटों में सुगम व विशिष्ट पास जारी किए जाते हैं। प्रत्येक स्लाट में तीन सौ पास निर्गत किए जाने की व्यवस्था है। इसमें से दो सौ सुगम व एक सौ विशिष्ट पास होते हैं। विशिष्ट व सुगम पास में ट्रस्ट व जिला प्रशासन का कोटा है।
ये पास मंदिर के समीप तीर्थ यात्री सेवा केंद्र व रंग महल के बैरियर के समीप के ट्रस्ट कार्यालय से निर्गत होते हैं। अर्सें से सुगम पासधारकों के लिए भी राम दरबार के दर्शन में छूट की मांग हो रही थी। इससे श्रद्धालुओं में हर्ष है। पर अभी भी सामान्य श्रद्धालुओं के लिए राम दरबार का दर्शन दूर की कौड़ी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।