Ram Mandir Pran Pratishtha: आठ पूरक मंदिरों मे विराजेंगे ये देवी-देवता, यज्ञशाला में नौ कुंड निर्मित
अयोध्या में राम मंदिर के पूरक मंदिरों में भगवान गणेश हनुमान सूर्य देव शेषावतार और दुर्गा जी समेत आठ देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी पूरी हो चुकी ...और पढ़ें

प्रवीण तिवारी, अयोध्या। राम मंदिर के पूरक मंदिरों में भगवान गणेश, हनुमान जी, सूर्य भगवान, शेषावतार, दुर्गा जी सहित अन्य देवी देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी पूरी हो गई है। कुल आठ मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया जाएगा।
हालांकि इसके लिए श्रीरामजन्मभूमितीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने संंबंधित देवी देवताओं की उत्सव मूर्तियां भी तैयार कराई हैं। इन्हीं का मुख्य संस्कार होगा। जिन प्रतिमाओं को मंदिरों में स्थापित किया जा चुका है, वे आकार में बड़ी हैं। इस वजह से उत्सव मूर्तियों के साथ ही इनका भी प्रतीकात्मक प्राण प्रतिष्ठा संस्कार किया जाएगा। इसके लिए इन मंदिरों में पांच-पांच आचार्यों का दल उपस्थित रहेगा।
इन विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा के लिए मुख्य रूप से तीन अधिवास जल, अन्न व शैय्या अधिवास कराने की तैयारी है। हालांकि कुछ अन्य जीवन प्रदायी द्रव्यों में अधिवास कराया जा सकता है। कलश यात्रा की पूर्व संध्या पर यहां प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए वाराणसी से मुख्य यज्ञाचार्य जयप्रकाश त्रिपाठी पहुंच गए हैं।
उन्होंने आयोजन के द्रष्टा प्रख्यात ज्योतिषाचार्य पंडित प्रवीण शर्मा के साथ मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला को देखा। यहां पर नौ कुंड निर्मित हैं। आचार्यों की बैठक कर कार्य विभाजन भी किया गया। उधर यज्ञ मंडप में झंडा, पताका लगाने का कार्य संपन्न हुआ। दो सौ कलश भी सज्जित हुए। यहां स्वस्तिक बनाए गए।
यज्ञाचार्य जयप्रकाश ने बताया कि जिन देवी देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा होनी है, वह मंदिरों में स्थापित हैं, आकार में बड़े हैं, इसीलिए इनकी उत्सव मूर्तियां भी हैं। उत्सव मूर्तियों का मुख्य संस्कार किया जाएगा और साथ ही बड़े आकार वाले विग्रहों का भी प्रतीक रूप से संस्कार होगा। उन्होंने बताया कि जल, अन्न व शैय्या अधिवास होते हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।