Ayodhya News: अयोध्या का लाल साथी को बचाने में सिक्किम में बलिदान, खबर मिलते ही घर में कोहराम
सिक्किम में रोड ओपनिंग पार्टी के दौरान अयोध्या के लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी ने अपने एक साथी जवान को बचाने के लिए अपनी जान दे दी। कैंट थाना क्षेत्र के मझवा गद्दोपुर निवासी शशांक के बलिदान की खबर से परिवार में मातम छा गया। लांग ब्रिज से फिसलकर नदी में गिरे साथी को बचाने के लिए उन्होंने छलांग लगा दी साथी तो बच गया पर शशांक नहीं रहे।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। सिक्किम में रोड ओपनिंग पार्टी में शामिल लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी साथी जवान को बचाने में बलिदान हो गए। वह कैंट थाना क्षेत्र के मझवा गद्दोपुर के रहने वाले थे। जंगबहादुर तिवारी के इकलौते पुत्र शशांक के बलिदान होने की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
गश्त के दौरान लेफ्टिनेंट शशांक का एक साथी लांग ब्रिज से फिसल कर तेज बहाव वाली धारा में बह गया, जिसे बचाने के लिए उन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए नदी में छलांग लगा दी।
शशांक ने अपने साथी को तो बचा लिया लेकिन उनकी जान चली गई। बलिदानी लेफ्टिनेंट के पिता मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। करीब 22 वर्षीय शशांक सभी अविवाहित थे।
परिजन उनके शादी का सपना बुन रहे थे, लेकिन इस हादसे से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। बलिदानी के परिवार में एक बहन और माता पिता हैं। बहन का विवाह हो चुका है।
बलिदानी का शव दोपहर बाद यहां पहुंचने की संभावना है। वर्ष 2019 में उनका चयन एनडीए में हुआ था। पहली पोस्टिंग उनको सिक्किम में मिली थी। वह वन बटालियन सिक्किम स्काउट में तैनात थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।