विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मछली पालन के साथ सिंघाड़े की खेती से डबल मुनाफा, तालाबों से दोहरी कमाई कर रहे अयोध्या के किसान

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:19 AM (IST)

अयोध्या के किसान तालाबों में मछली पालन के साथ सिंघाड़े की सहफसली खेती कर दोहरा मुनाफा कमा रहे हैं।   

कुढ़ा गांव के तालाब में सिंघाड़ा तोड़ता किसान: जागरण

कुढ़ा गांव के तालाब में सिंघाड़ा तोड़ता किसान: जागरण


HighLights

  1. तालाबों में मछली और सिंघाड़े की सहफसली खेती से दोहरा लाभ।

  2. कम लागत में अधिक मुनाफा, एक बीघा से एक लाख आय।

  3. मछली का मल सिंघाड़े के लिए खाद, युवाओं को रोजगार।

तालाबों में भरा पानी किसानों के लिए स्वरोजगार की खोल रहा राह, मछली पालन के साथ सिंघाड़े की सह फसली खेती कर तालाबों से दोगुना मुनाफा कमा रहे किसान

राकेश श्रीवास्तव, अयोध्या। तालाबों में किसान मछली पालन के साथ ही सिंघाड़े की सहफसली खेती कर दोगुना मुनाफा कमा रहे हैं। तालाबों में भरा पानी किसानों के लिए अतिरिक्त कमाई का रास्ता खोल रहा है। एक ही तालाब से किसान दोहरी कमाई कर रहे हैं। क्षेत्र के करीब 15 गांवों में दर्जनों तालाबों में मछली पालन के साथ ही सिंघाड़े की सहफसली खेती हो रही है।

किसानों का कहना है कि एक बीघा तालाब से लगभग 20 क्विंटल तक सिंघाड़े का उत्पादन हो जाता है। इसमें न जुताई, न कटाई और न ही उर्वरक की आवश्यकता पड़ती है। सिंघाड़े के पौधों पर केवल कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करना पड़ता है।

भेलसर, रौजागांव, इछौलिया, जखौली, कुढ़ासादात, भिटौरा, सहनी, परसौली और लोहटी सरैया समेत कई गांवों के तालाबों में बड़े पैमाने पर इस सह फसली खेती हो रही है। बारिश में जुलाई-अगस्त के महीने में सिंघाड़े की पौध तालाब में डाली जाती है और अक्टूबर में इसमें फल आ जाता है।

एक बार तालाब में पौध डालने पर करीब तीन महीने तक इसमें फल लगता है, जिसे किसान बाहर की मंडियों में तो भेजते ही हैं, स्थानीय बाजार में भी कच्चा सिंघाड़ा 50 से 60 रुपये किलो बिकता है, जबकि सिंघाड़े का आटा लगभग 120 रुपये किलो बिकता है।

लागत से डबल मुनाफा कमा रहे किसान

किसानों का कहना है कि इसी तालाब में मछली पालन भी होता है। सप्ताह में एक दिन तालाब में जाल डाल कर मछली पकड़ी जाती है और उसे गोरखपुर मंडी भेज दिया जाता है।

फिरोजपुर पवारान के शंकरलाल निषाद ने बताया कि एक बीघा तालाब का पट्टा तीन हजार रुपये में मिलता है। खाद पर करीब 12 हजार रुपये खर्च होते हैं। 18 हजार रुपये की लागत से सिंघाड़े की पौध तैयार हो जाती है। इस तरह कुल 33 हजार रुपये की लागत आती है, जबकि एक सीजन में सिंघाड़े से ही 70 से 80 हजार रुपये तक की कमाई हो जाती है।

इसके अलावा मछली से अलग से 40 से 50 हजार रुपये की आमदनी हो जाती है। इस तरह एक ही तालाब से किसान एक सीजन में एक लाख रुपये से ज्यादा कमा लेते हैं।

सिंघाड़े में कमल लागत, मुनाफा ज्यादा

किसानों का कहना है कि सिंघाड़े की खेती में सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें लागत कम और मुनाफा ज्यादा है। तालाब का पानी मछली के लिए भी काम आता है और सिंघाड़े के लिए भी। मछली का मल ही सिंघाड़े के लिए खाद का काम करता है, इसलिए अलग से खाद डालने की जरूरत नहीं पड़ती।

भेलसर के किसान रामकुमार ने बताया कि पहले तालाब खाली पड़े रहते थे। अब उसी तालाब से घर का खर्च चल रहा है। सिंघाड़े की खेती से गांव के कई युवाओं को भी रोजगार मिल गया है। सिंघाड़ा तोड़ने, छांटने और मंडी तक पहुंचाने में 10 से 12 लोगों को रोज काम मिलता है।

सिंघाड़े की फसल के लिए विभाग किसानों को अनुदान तो नहीं देता लेकिन सहफसली खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया जाता है, जो किसान तालाब का पट्टा लेकर मछली पालन करना चाहते हैं। उन्हें विभाग की ओर से योजनाओं का लाभ भी दिया जाता है।

-सुषमा, जिला मत्स्य अधिकारी

यह भी पढ़ें- बंजर जमीन से बरस रहा मुनाफा: गया के किसानों ने सब्जी की खेती से बदली किस्मत, एक सीजन में 2 लाख की बचत

यह भी पढ़ें- बिना महंगे खाद-रसायन के होगी बंपर पैदावार! पटना में 8 जिलों के किसानों को मिली प्राकृतिक खेती की खास ट्रेनिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।