विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंजर जमीन से बरस रहा मुनाफा: गया के किसानों ने सब्जी की खेती से बदली किस्मत, एक सीजन में 2 लाख की बचत

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:35 PM (IST)

गया के टनकुप्पा प्रखंड के किसानों ने सिंचाई की कमी वाली बंजर जमीन को सब्जी की खेती से उपजाऊ बनाया है। अब वे प्रति सीजन दो लाख रुपये तक की बचत कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे उनके जीवन में खुशहाली आई है।

सब्जी की खेती से बदली किस्मत (एआई जेनरेटेड तस्वीर )

सब्जी की खेती से बदली किस्मत (एआई जेनरेटेड तस्वीर )

HighLights

  1. टनकुप्पा के किसानों ने बंजर जमीन पर सब्जी उगाकर लाभ कमाया।

  2. सिंचाई व्यवस्था सुधरने से खेती की तस्वीर पूरी तरह बदली।

  3. महिलाएं खेतों में काम करतीं, पुरुष मंडी में उपज बेचते।

संवाद सूत्र, फतेहपुर (गया)। कभी सिंचाई के अभाव में खेतों से अच्छी उपज की उम्मीद छोड़ चुके टनकुप्पा प्रखंड के किसानों ने मेहनत और हौसले से खेती की तस्वीर बदल दी है। 

करीब 15 वर्ष पहले जहां एक दो किसान ही सब्जी की खेती करते थे। वहीं आज टनकुप्पा सहित आसपास के दर्जनों गांवों में किसान मौसम के अनुरूप विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती कर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। खेतों में लहलहाती सब्जियों की हरियाली अब किसानों के घरों में खुशहाली का आधार बन रही है।

25 बीघा जमीन में सब्जी की खेती

कभी पहले जमीन बंजर हुआ करता था। पर अब समय के बदलाव के साथ टनकुप्पा गांव में करीब 25 बीघा जमीन में किसान सब्जी की खेती कर रहे हैं। किसानों के अनुसार सब्जी की खेती से एक सीजन में करीब दो लाख रुपये तक की बचत हो जाती है। इसी तरह सभी सीजन में आय हो जाती है। 

पहले खेती से केवल परिवार का भरण पोषण मुश्किल से हो पाता था। लेकिन अब इसी खेती से बच्चों की बेहतर पढ़ाई, घर की जरूरतें और अन्य खर्च पूरे करने के साथ किसान बचत भी कर रहे हैं। खेती में बदलाव से शब्जी कि फसल अब बेहतर उपज देती है।

सिंचाई सुधरी तो बदली खेती की तस्वीर

किसानों ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण खेतों में अपेक्षित उत्पादन नहीं हो पाता था। धीरे-धीरे किसानों ने सिंचाई की व्यवस्था दुरुस्त की और सब्जी की खेती शुरू की। बेहतर आमदनी देखकर आसपास के किसानों ने भी इसे अपनाना शुरू कर दिया। अब भूमिहीन किसान भी जमीन किराए पर लेकर सब्जी उत्पादन कर रहे हैं।

महिलाएं संभाल रहीं खेत पुरुष मंडी में बेच रहे उपज

टनकुप्पा गांव में प्रवेश करते ही खेतों में हरियाली नजर आती है। महिलाएं पुरुषों के साथ खेत में कंधे से कंधा मिलाकर काम करती हैं। मौसम के अनुसार विभिन्न सब्जियों का उत्पादन किया जाता है। महिलाएं खेतों में मेहनत करती हैं। जबकि पुरुष तैयार उपज को गया और झारखंड की मंडियों में पहुंचाकर बेचते हैं। कई बार व्यापारी सीधे खेत तक पहुंचकर सब्जी खरीद लेते हैं।

किसानों की बदली सोच बनी सफलता की वजह

किसान ईश्वर कुमार वर्मा, अनिल कुमार मेहता, शोभा देवी और रीना देवी ने बताया कि सब्जी की खेती शुरू करने के बाद आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार हुआ है। शुरुआती दौर में संसाधनों की कमी से परेशानी हुई। लेकिन धीरे-धीरे परिस्थितियां बेहतर होती गईं। किसानों का कहना है कि सरकारी स्तर पर प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने से उत्पादन और बढ़ाया जा सकता है। सब्जी की खेती अब केवल फसल नहीं बल्कि ग्रामीण परिवारों के लिए स्वरोजगार और आर्थिक मजबूती का जरिया बनती जा रही है।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि टनकुप्पा प्रखंड के टनकुप्पा, बरसौना, ढिबर, बादलबीघा, सैदपुर, चौबार, बाजाबीघा, महेर सहित अन्य गांव सब्जी की उन्नत खेती किसान कर रहे है। कृषि विभाग और जीविका के द्वारा किसानों उन्नत खेती के लिए प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। टनकुप्पा और बरसौना सब्जी की खेती का हब बन गया है।

यह भी पढ़ें- एक ही पौधे में ऊपर टमाटर-नीचे आलू, कटिहार के खेतों में 'पोमेटो' और 'ब्रिजेटो' का जादू; दोगुनी होगी कमाई 


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।