अयोध्या दीपोत्सव के दौरान स्वयंसेवकों और सुरक्षा बलों के लिए स्पेशल QR कोड पास, दो दिन पहले सील होगी राम की पैड़ी
अयोध्या दीपोत्सव के लिए सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से लैस किया जा रहा है, जिसमें क्यूआर कोड युक्त पास और ...और पढ़ें

स्वयंसेवकों, पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए विशेष क्यूआर कोड पास।
HighLights
क्यूआर कोड युक्त पास से मिलेगी एंट्री, डिजिटल पहचान प्रणाली।
राम की पैड़ी दो दिन पहले सील, अव्यवस्था रोकने हेतु।
गृहमंत्री अमित शाह सहित VIPs के लिए पुख्ता सुरक्षा।
प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। दीपोत्सव की तैयारियों के साथ रामनगरी में सुरक्षा व्यवस्था को भी तकनीक से लैस किया जा रहा है। राम की पैड़ी पर दीप सज्जा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए आयोजन से दो दिन पहले पूरे पैड़ी क्षेत्र को सील कर दिया जाएगा।
इस अवधि में केवल अधिकृत पास धारकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। दीपोत्सव में लगभग 30 हजार स्वयंसेवक व छह हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएंगी। इस बार दीपोत्सव में प्रवेश व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए डिजिटल पहचान प्रणाली लागू की जा रही है।
क्यूआर कोड युक्त पास से मिलेगी एंट्री
पुलिस और सुरक्षा बलों को अलग से विशेष और दीप सज्जा में जुटने वाले स्वयंसेवकों व सुपरवाइजरों को भी क्यूआर कोड युक्त पास दिए जाएंगे। प्रवेश द्वारों पर इन पासों की स्कैनिंग कर संबंधित व्यक्ति की पहचान का सत्यापन किया जाएगा। इससे अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ ही आयोजन स्थल पर तैनात कर्मियों की पहचान भी आसानी से की जा सकेगी।
राम की पैड़ी पर दीप बिछाने का काम शुरू होने के साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रवेश व्यवस्था सख्त कर दी जाएगी। क्षेत्र को पहले से प्रतिबंधित करने का उद्देश्य दीप सज्जा के काम में बाहरी गतिविधियों से होने वाली बाधा को रोकना है। इससे स्वयंसेवकों को निर्धारित स्थानों पर दीप सजाने और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में सहूलियत मिलेगी।
दीपोत्सव में शामिल होंगे गृहमंत्री अमित शाह
दीपोत्सव के 10वें संस्करण में गृहमंत्री अमित शाह दौरा भी प्रस्तावित है। इसके साथ ही तीन अन्य अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन की सुगबुगाहट है। राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित अन्य कई विशिष्ट अतिथियों का आगमन होगा। इसे लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। अयोध्या धाम को जोन व सेक्टर में बांटा जा रहा है।
दीपोत्सव पर रामनगरी पर सुरक्षा घेरा अभेद्य रहेगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। लगभग छह हजार से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे। इनमें लखनऊ, कानपुर, बनारस, गोरखपुर जोन से भी पुलिसकर्मियों की डिमांड की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 25 अपर पुलिस अधीक्षक, 40 पुलिस उपाधीक्षक और 100 से अधिक निरीक्षक तैनात करने की संयोजना हैं।10 कंपनी पीएसी व आरएएफ की भी मांग की गई है।
सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए अलग से विशेष व स्वयंसेवकों और सुपरवाइजरों के लिए क्यूआर कोड वाले पास जारी किए जाएंगे। अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन के मद्देनजर संशोधित डिमांड भेजी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।