विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या दीपोत्सव से पहले UPSTDC ने शुरू किया टूर पैकेज, छह घंटे में कर सकेंगे रामनगरी के प्रमुख स्थलों के दर्शन

Published: Fri, 30 Oct 2026 07:24 PM (IST)

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने दीपोत्सव 2026 से पहले श्रद्धालुओं के लिए एक दिवसीय 'अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' टूर पैकेज शुरू किया है।

अयोध्या दीपोत्सव से पहले यूपीएसटीडीसी ने शुरू किया एक दिवसीय टूर पैकेज।

अयोध्या दीपोत्सव से पहले यूपीएसटीडीसी ने शुरू किया एक दिवसीय टूर पैकेज।

HighLights

  1. UPSTDC ने 'अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' टूर पैकेज शुरू किया।

  2. छह घंटे में अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण संभव।

  3. लता मंगेशकर चौक से शुरू होकर सरयू आरती पर समापन।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक दिवसीय 'अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' टूर पैकेज शुरू किया है। दीपोत्सव-2026 के आयोजन से पहले एक नवंबर से शुरू हो रहे इस टूर पैकेज में पर्यटकों-श्रद्धालुओं छह घंटे के अंदर अयोध्या के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

यह पैकेज प्रतिदिन बैच में संचालित होगा, जिसमें पहले बैच को सुबह 10 से शाम चार बजे तक और दूसरे बैच को दोपहर एक से शाम सात बजे तक भ्रमण कराया जाएगा।

लता मंगेशकर चौक से होगी शुरुआत

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक परंपराओं में 14 कोसी परिक्रमा का विशेष महत्व है। श्रद्धालु इसे आस्था और भक्ति की अभिव्यक्ति के रूप में करते हैं। 'अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' के जरिये सरकार इस आध्यात्मिक अनुभव को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहती है। भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत अयोध्या के लता मंगेशकर चौक से होगी।

यात्रा में पर्यटकों को सबसे पहले 'रामायण वैक्स म्यूजियम' ले जाया जाएगा। यहां भगवान श्रीराम, माता सीता सहित रामायण के अन्य पात्रों की मोम से बनी प्रतिमाओं के जरिये महाकाव्य के प्रसंगों को जीवंत रूप में देखने का मौका मिलेगा।

इसके बाद सूर्य कुंड, गिरिजा कुंड और पंचमुखी महादेव मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यहां से पर्यटक गुप्तार घाट, झुनकी घाट, लक्ष्मण किला और शेषावतार मंदिर जाएंगे। यात्रा में स्वर्गद्वार, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर भी शामिल हैं। समापन सरयू आरती के साथ होगा। इस आयोजन के बाद पर्यटकों को वापस लता मंगेशकर चौक पहुंचाया जाएगा।

एसी बस की मिलेगी सुविधा

यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने बताया कि पैकेज के तहत पर्यटकों को सभी स्थलों तक आने-जाने के लिए एसी वाहन की सुविधा मिलेगी। स्थानीय टूर गाइड या कोआर्डिनेटर भी साथ रहेंगे, जो रास्ते में पड़ने वाले स्थलों के इतिहास, धार्मिक महत्व और उनसे जुड़े रोचक प्रसंगों की जानकारी देंगे।

पैकेज में होटल में ठहरने और भोजन की व्यवस्था शामिल नहीं है। इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 8130966118 पर संपर्क कर जानकारी व बुकिंग की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- दीवाली-छठ पूजा के लिए अतिरिक्त बसें चलाएगी यूपी सरकार, ड्राइवर-कंडक्टर को प्रतिदिन मिलेगा 400 रुपये प्रोत्साहन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।