विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में विरासत से न्याय करने की चुनौती का सामना कर रही सबसे पुरानी पार्टी, 20-25 चेहरे ही आते हैं नजर

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:59 PM (IST)

अयोध्या में कांग्रेस पार्टी अपनी विरासत को बनाए रखने और संगठनात्मक चुनौतियों का सामना कर रही है, जहाँ कार्यक्रमों में कम उपस्थिति और डिजिटल तैयारी में कमी दिख रही है।

प्रतीकात्मक तस्वीर। जागरण क्रिएटिव्स अर्काइव

प्रतीकात्मक तस्वीर। जागरण क्रिएटिव्स अर्काइव

HighLights

  1. अयोध्या कांग्रेस कार्यक्रमों में कम उपस्थिति, संगठनात्मक कमजोरी उजागर।

  2. डिजिटल तैयारी में भाजपा से पीछे, कांग्रेस को बड़ी चुनौती।

  3. पदाधिकारियों को प्रेरित करने में संघर्ष, मतदाता सत्यापन अभियान आरंभ।

रघुवरशरण, अयोध्या। संगठन संवाद संकल्प मिशन के तहत प्रदेश कांग्रेस की लखनऊ में कार्यशाला हुई। इसमें 134 में से 29 जिला, महानगर अथवा शहर अध्यक्ष नदारद रहे। यद्यपि अयोध्या के जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष बैठक में उपस्थित रहे। तथापि इस तथ्य से इनकार नहीं किया जा सकता कि प्रदेश में करीब चार दशक से सत्ता से वंचित होने के साथ मुख्य विपक्षी दल के रुतबे से भी वंचित जिला कांग्रेस के सामने अपनी विरासत से न्याय करने की चुनौती है।

संगठन की परंपरा और नेतृत्व के निर्देश के अनुरूप वर्तमान अध्यक्षों ने जिला तथा महानगर में लंबी-चौड़ी कमेटी गठित की। साथ ही मंडल अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष तथा उनकी कमेटी का गठन भी सुनिश्चित कराया गया। जिला एवं महानगर के स्तर पर कांग्रेस के 30 से अधिक फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष और उनकी समितियों का भी अस्तित्व है, किंतु ऐसी समितियां कागजी अधिक हैं।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनीलकृष्ण गौतम के अनुसार 2014 में भाजपा के उभार के बाद गत दशक का सफर कांग्रेस के लिए दिक्कत वाले रहे, किंतु अब परिस्थितियां बदल रही हैं। पार्टी की बैठकों एवं कार्यक्रमों में स्वत:स्फूर्त समर्थक जुट रहे हैं।

भाजपा के मुकाबले कांग्रेस के आइटी सेल को कड़ी मेहनत की जरूरत

प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के निर्देशानुसार मीडिया और सोशल मीडिया के लिए वार रूम के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है। इस दिशा में जिला तथा महानगर स्तर पर कार्यालय सचिव तथा कंट्रोल रूम प्रभारी की नियुक्ति भी कर दी गई है। जिला कांग्रेस इकाई में यह दायित्व उमेश उपाध्याय तथा महानगर इकाई में विवेक प्रताप शर्मा कल्लू को सौंपा गया है। तथापि भाजपा के आइटी सेल के मुकाबले कांग्रेस की डिजिटल तैयारी काफी पीछे प्रतीत हो रही है।

स्पष्टीकरण के बजाय त्यागपत्र दिया

नेतृत्व अपने पदाधिकारियों तक को प्रेरित करने में चुनौती का सामना कर रहा है। गत कुछ दिनों से कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष राजकुमार पांडेय लगातार भाजपा से जुड़े महापौर महांत गिरीशपति त्रिपाठी, गोसाईंगंज के विधायक रहे भाजपा नेता इंद्रप्रताप तिवारी एवं सपा नेता तथा पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय के इर्द-गिर्द देखे जाते रहे। इस आचरण पर जब जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने स्पष्टीकरण मांगा, तब उन्होंने सफाई देने की बजाय पद से ही त्यागपत्र दे दिया।

लक्ष्य कठिन, असंभव नहीं: राजेंद्र

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पीसीसी सदस्य राजेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, 15 दिन में जिला के 1800 से अधिक बूथों पर मतदाताओं का सत्यापन कठिन जरूर है, किंतु असंभव नहीं। जिला में कांग्रेस का यह अभियान मंगलवार से आरंभ हो रहा है। इसके लिए कांग्रेस को अपने 13 हजार सक्रिय कार्यकर्ताओं पर भरोसा है।

यह भी पढ़ें- अयोध्या में मतदाता सूची से कटे ढाई लाख वोटर के नाम, राजनीतिक दलोंं के आगे नई चुनावी बिसात की चुनौती

यह भी पढ़ें- अयोध्या में 14 दिसंबर को राममंदिर ध्वजारोहण की पहली वर्षगांठ, तैयारियों पर 2 दिसंबर को ट्रस्ट की बैठक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।